पहले प्रेम, फिर गुपचुप शादी और अचानक लापता… जंगल में मिली किशोरी की सिरकटी लाश, पति पर हत्या का शक

 

धनबाद। जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी पहाड़ी की तराई में शुक्रवार सुबह मिली किशोरी की सिरकटी लाश ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कल्याण गांव के समीप जंगल में खून से लथपथ धड़ और कुछ दूरी पर सिर मिलने के बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की तो मामला महज हत्या तक सीमित नहीं रहा, बल्कि किशोरी की जिंदगी से जुड़े प्रेम, शादी और रहस्यमय तरीके से गायब होने के कई पहलू सामने आने लगे।

मृतका की पहचान पूनम कुमारी के रूप में हुई है। वह गिरिडीह के बहादुरपुर निवासी संदीप रवानी की बेटी बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार पूनम को पढ़ाई के लिए टुंडी के मनियाडीह स्थित रिश्तेदार के घर भेजा गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात वहां रहने वाले कृष्ण रवानी से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और पूनम ने परिजनों की इच्छा के खिलाफ कृष्ण के साथ शादी कर ली।शादी के बाद दोनों बलियापुर थाना क्षेत्र के करमाटांड़ में किराये के मकान में रह रहे थे। परिजनों का दावा है कि पूनम करीब तीन महीने की गर्भवती थी। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

दो दिन से थी लापता, फिर जंगल में मिला सिरकटा शव
परिजनों के मुताबिक पूनम बुधवार से लापता थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो गुरुवार को बलियापुर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके अगले ही दिन शुक्रवार सुबह कल्याण गांव के समीप जंगल में स्थानीय लोगों की नजर झाड़ियों के बीच खून से सने शव पर पड़ी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। पेड़ से करीब सौ मीटर दूर बोरे में किशोरी का सिर बरामद किया गया। वहीं आसपास लाल कपड़ा, पूजा-पाठ की सामग्री समेत कुछ अन्य सामान भी मिला। इन सामानों ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया।

हत्या के बाद जांच भटकाने के लिए ‘स्त्री बलि’ का सीन?
पूजा-पाठ की सामग्री और लाल कपड़े की बरामदगी के बाद स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस इस आशंका को भी जांच के दायरे में रख रही है कि कहीं हत्या के बाद जांच को भटकाने के लिए घटनास्थल पर जानबूझकर ऐसा माहौल तो नहीं बनाया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वायड करमाटांड़ स्थित एक घर तक भी पहुंचा। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया।

तीन लोग हिरासत में, पति पर भी संदेह
मामले में अब तक कुल तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। किशोरी के पति कृष्ण रवानी पर भी हत्या में शामिल होने का संदेह जताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने कृष्ण की तलाश शुरू की थी। पूनम के एक रिश्तेदार से उसका मोबाइल नंबर मिलने के बाद पुलिस ने उससे संपर्क किया। कृष्ण ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी को खोजने पारसनाथ आया है। इसके बाद पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश में जुट गई।

मृतका के पिता ने कृष्ण रवानी समेत अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया है।
सिंदरी के एसडीपीओ प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि शव और घटनास्थल से बरामद सामग्रियों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि पूनम की हत्या किसने और क्यों की? क्या प्रेम विवाह के बाद उसके रिश्ते में ही कोई ऐसा मोड़ आया जिसने उसकी जान ले ली, या फिर हत्या के पीछे कोई और साजिश थी? पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इन सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!