अधिवक्ता की हत्या की साजिश रच रहे थे अपराधी, पुलिस ने एक को दबोचा,कट्टा-कारतूस बरामद, तीन फरार

 

धनबाद। शहर में एक अधिवक्ता की हत्या की कथित साजिश को अंजाम देने से पहले ही धनबाद पुलिस ने बदमाशों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। भूली ओपी क्षेत्र में हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने देर रात छापेमारी की। पुलिस को देखते ही तीन युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि भागने के दौरान गिर पड़े एक युवक को पुलिस टीम ने दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

मामले का खुलासा शनिवार को लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी प्रकाश सोय ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर झरिया निवासी अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश रचने की बात बताई है। इसके बाद पुलिस फरार तीनों आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12:05 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियार के साथ भूली के सी-ब्लॉक स्थित छठ घाट के पास सुनसान स्थान पर जुटे हैं और किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर तत्काल छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवक बाइक लेकर भागने लगे। अंधेरे का फायदा उठाकर तीन युवक फरार होने में सफल रहे, लेकिन भागने के दौरान गिर पड़े एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान आसिफ आलम (23) के रूप में हुई है। वह निचितपुर टाउनशिप, शिव मंदिर के पास का रहने वाला है। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसकी पैंट की कमर में बाईं ओर छिपाकर रखा हुआ एक देशी कट्टा बरामद हुआ। वहीं, उसकी बाईं जेब से एक जिंदा कारतूस भी मिला। कारतूस के पेंदे पर ‘8 MM KF’ अंकित पाया गया।

पुलिस ने जब हथियार और कारतूस से संबंधित वैध कागजात मांगे तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर यह बात सामने आई कि आसिफ अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर झरिया निवासी अधिवक्ता जावेद की हत्या की योजना बना रहा था। हालांकि पुलिस अब इस साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और हत्या की कथित योजना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।फरार तीनों आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आसिफ आलम का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बैंकमोड़ और चिरकुंडा थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं। इनमें बैंकमोड़ थाना कांड संख्या 145/23 में रंगदारी, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराएं, चिरकुंडा थाना कांड संख्या 309/2021 में मारपीट, बंधक बनाने, चोरी और अन्य धाराएं तथा बैंकमोड़ थाना कांड संख्या 147/23 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
इस संबंध में भूली ओपी (बैंकमोड़ थाना) कांड संख्या 164/26, दिनांक 12 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने BNS की धारा 111(2), 111(3), 111(4), 61(2) तथा Arms Act की धारा 25(1-b)a/26/35 के तहत कार्रवाई शुरू की है।

पुलिस ने ये सामान किए जब्त
एक देशी कट्टा
एक जिंदा कारतूस, जिस पर ‘8 MM KF’ अंकित है
हल्के ऑरेंज रंग का MOTO EDGE 50 मोबाइल फोन

छापामारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में भूली ओपी प्रभारी पु०अ०नि० विश्वजीत ठाकुर, पु०अ०नि० सोहन कुमार साहु, स०अ०नि० हरिप्रकाश मिश्रा, सशस्त्र बल के आरक्षी 1495/संटु मांझी और हवलदार ललित उरांव शामिल थे।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही कथित हत्या की साजिश की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

error: Content is protected !!