रात में मछली पकड़ने गए व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत,तालाब में मिला शव
जामताड़ा ।जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह वन गांव में शुक्रवार की सुबह डोका अहरा में एक व्यक्ति की लाश मिली। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान कोरीडीह वन निवासी 60 वर्षीय जहरूदीन मियां के रूप में हुई।परिजनों के मुताबिक, गुरुवार की रात सब कुछ सामान्य था। जहरूदीन मियां रात में मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकले थे। घरवालों को उम्मीद थी कि वे सुबह तक लौट आएंगे, लेकिन पूरी रात बीत जाने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो अनहोनी का डर सताने लगा। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण अहरा (पोखर) की तरफ गए, तो पानी की सतह पर जहरूदीन का शव उपलाता दिखा।शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों और ग्रामीणों का साफ कहना है कि जहरूदीन मियां को बहुत अच्छी तरह तैरना आता था। जो इंसान पानी का अच्छा जानकार हो, वह अहरा के पानी में डूबकर जान कैसे गंवा सकता है? क्या यह महज एक अप्रत्याशित हादसा है या इसके पीछे की कहानी कुछ और है? तैरना जानने के बावजूद पानी में लाश मिलने की बात गांव भर में चर्चा और आशंकाओं का विषय बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के पुत्र थाने में लिखित आवेदन देकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन में जुट गई है।

