जंगल में सिर कटी महिला की लाश मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस
धनबाद। जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी कल्याणडीह के सुनसान जंगल में शुक्रवार सुबह सिर कटी महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पगडंडी से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।घटना की सूचना मिलते ही बलियापुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। महिला कौन है और वह यहां कैसे पहुंची, यह फिलहाल रहस्य बना हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, शव की हालत देखकर आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को सुनसान जंगल में लाकर फेंका गया हो सकता है। हालांकि, हत्या की वजह और घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाके की छानबीन शुरू कर दी है और महिला की पहचान के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
सिर कटी लाश मिलने की खबर के बाद ढांगी कल्याणडीह और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर यह महिला कौन है और उसे इस सुनसान जंगल में किसने पहुंचाया?

