कोडरमा में आधी रात CID की दबिश से हड़कंप, CGL केस में दो लोगों को पूछताछ के लिए ले गई टीम
कोडरमा।झारखण्ड के चर्चित जेएसएससी CGL मामले की जांच अब कोडरमा में भी तेज होती नजर आ रही है। गुरुवार देर रात सीआईडी की टीम ने जिले के डोमचांच और कोडरमा थाना क्षेत्र में अचानक दबिश दी। देर रात हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, टीम दो अलग-अलग ठिकानों पर पहुंची और दो लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
सीआईडी की पहली कार्रवाई डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में हुई। यहां टीम राजेश यादव, पिता जगदीश यादव के घर पहुंची। स्थानीय स्तर पर राजेश यादव को कथित पत्रकार बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सीआईडी की टीम ने उनसे पूछताछ की और बाद में उन्हें अपने साथ ले गई।
हिरासत में लिया गया युवक राजेश
दूसरे ठिकाने पर भी पहुंची टीम, एक और व्यक्ति को हिरासत में लिया
इसके बाद सीआईडी टीम ने कोडरमा थाना क्षेत्र के बरसोतियाबर में भी कार्रवाई की। यहां से भी संदीप कुमार नाम व्यक्ति को टीम द्वारा अपने साथ ले गई है।
सीजीएल प्रकरण से जुड़ी जांच के बीच दोनों इलाकों में देर रात हुई कार्रवाई ने मामले को लेकर चर्चाओं को और हवा दे दी है। आखिर सीआईडी की नजर किन कड़ियों तक पहुंची है और दोनों लोगों से क्या जानकारी जुटाई जा रही है, इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।हालांकि छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ, किन दस्तावेजों या साक्ष्यों की जांच की गई और दोनों लोगों की भूमिका क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सीआईडी की इस कार्रवाई के बाद अब जांच से जुड़े आधिकारिक खुलासे का इंतजार है। माना जा रहा है कि पूछताछ और जांच के बाद सामने आने वाली जानकारी से CGL प्रकरण की कई महत्वपूर्ण कड़ियों पर तस्वीर साफ हो सकती है।
हूं।

