राँची पुलिस में बढ़ा पांच अफसरों का कद, पीपिंग सेरेमनी में मिला प्रमोशन का सम्मान..

–एसएसपी राकेश रंजन ने नवप्रोन्नत इंस्पेक्टरों को लगाए बैज, दो कांस्टेबल भी बने एएसआई; नक्सल मोर्चे पर शानदार योगदान देने वाले अधिकारियों का बढ़ा कद

राँची। राजधानी राँची में बुधवार को पुलिस विभाग के लिए गौरव और उत्साह से भरा दिन रहा। राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के कार्यालय में आयोजित पीपिंग सेरेमनी में पांच पुलिसकर्मियों को पदोन्नति मिलने पर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान अधिकारियों के कंधों पर नए पद के बैज लगाए गए। जैसे ही बैज लगाए गए, पुलिसकर्मियों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ नजर आई।

समारोह में एसएसपी राकेश रंजन ने 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह, विश्वजीत कुमार सिंह और रोशन कुमार सिंह को बैज लगाकर इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत किया। तीनों अधिकारियों ने सब इंस्पेक्टर के रूप में पुलिस सेवा में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं और अब उन्हें इंस्पेक्टर के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, 2012 बैच के कांस्टेबल कृष्ण उरांव और विनय टेटे को भी पदोन्नति का तोहफा मिला। राँची के सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने दोनों पुलिसकर्मियों को बैज लगाकर कांस्टेबल से एएसआई पद पर पदोन्नत किया।

नवप्रोन्नत इंस्पेक्टरों में दो अधिकारियों का नक्सल प्रभावित इलाकों में काम करने का लंबा अनुभव भी रहा है। पुलिस सेवा के दौरान खूंटी और सिमडेगा जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनाती के दौरान उन्होंने नक्सलियों के खिलाफ अभियानों में हिस्सा लिया और कई मुठभेड़ों में पुलिस टीम का हिस्सा रहे।नक्सल अभियान जैसे चुनौतीपूर्ण मोर्चे पर काम करने वाले इन अधिकारियों की पदोन्नति को पुलिस विभाग में उनके अनुभव और सेवा का महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है। अब इंस्पेक्टर के रूप में उनके सामने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और बेहतर बनाने की नई जिम्मेदारी होगी।

एसएसपी ने कहा- पद के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी
पीपिंग सेरेमनी के दौरान एसएसपी राकेश रंजन ने नवप्रोन्नत पुलिस अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल कंधे पर नया बैज लगने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं।उन्होंने नवप्रोन्नत पुलिसकर्मियों से कहा कि वे अपने कार्यों और व्यवहार में ऐसा सकारात्मक बदलाव लाएं, जिससे उनकी व्यक्तिगत छवि के साथ-साथ रांची पुलिस की छवि भी बेहतर बने। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

बैज लगते ही चेहरे पर दिखी खुशी
पीपिंग सेरेमनी के दौरान जैसे ही अधिकारियों के कंधों पर नए पद के बैज लगाए गए, उनके चेहरे पर वर्षों की सेवा के बाद मिली पदोन्नति की खुशी साफ दिखाई दी। समारोह में मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी नवप्रोन्नत पुलिसकर्मियों को बधाई दी और बेहतर पुलिसिंग के लिए आगे भी इसी तरह समर्पण के साथ काम करने की उम्मीद जताई।पुलिस विभाग में पदोन्नति को महज पद बढ़ने के रूप में नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारी, नई चुनौती और जनता के प्रति जवाबदेही बढ़ने के तौर पर देखा जाता है। ऐसे में पांच पुलिसकर्मियों की यह पदोन्नति राँची पुलिस के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

error: Content is protected !!