कुख्यात लवकुश शर्मा फिर सुर्खियों में, जमीन कारोबारी टोनी लोहरा को मारी गोली

 

राँची। राजधानी राँची एक बार फिर कुख्यात अपराधी लवकुश शर्मा गिरोह की सक्रियता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हरिहर सिंह रोड स्थित मंडा बगीचा में रविवार देर रात जमीन कारोबारी टोनी लोहरा को गोली मार दी गई। गोली उसके पेट में लगी, जिसके बाद आनन-फानन में पुलिस ने उसे रिम्स में भर्ती कराया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी है।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय टोनी लोहरा अपने दोस्तों के साथ मंडा बगीचा में पार्टी कर रहा था। इसी दौरान फायरिंग की आवाज सुनकर लोग मौके की ओर पहुंचे। पुलिस को दिए गए टोनी के फर्द बयान के मुताबिक, वह दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था, तभी आरोपी लवकुश शर्मा अपने साथी गौरव के साथ वहां पहुंचा। दोनों के बीच बातचीत शुरू होने से पहले ही लवकुश ने पिस्टल निकालकर टोनी पर गोली चला दी। गोली लगते ही टोनी मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल टोनी को इलाज के लिए रिम्स भेजा। पुलिस ने टोनी के बयान के आधार पर लवकुश शर्मा और उसके साथी गौरव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

गोलीबारी की वजह को लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में जमीन के कारोबार, पैसों के लेनदेन और रंगदारी से जुड़े विवाद का एंगल सामने आ रहा है। हालांकि, गोली मारने की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।टोनी लोहरा फिलहाल जमीन का कारोबार करता है। पुलिस उसके पुराने विवादों और आपराधिक संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटना से पहले टोनी और आरोपियों के बीच किसी तरह के विवाद या बातचीत हुई थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार टोनी लोहरा पर पहले से कई मामले दर्ज रहे हैं। उसका पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वह पूर्व में आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। वर्तमान में वह जमीन का कारोबार कर रहा था।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हाल के दिनों में टोनी का किन लोगों से विवाद चल रहा था और गोलीबारी से पहले लवकुश शर्मा के साथ उसका कोई विवाद या लेनदेन हुआ था या नहीं।

इस गोलीकांड में लवकुश शर्मा का नाम सामने आने के बाद राजधानी में एक बार फिर उसके गिरोह की गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गयी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं, गोली लगने के बाद रिम्स में भर्ती टोनी लोहरा की स्थिति देर रात तक स्थिर बतायी गयी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर भी पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि वारदात के पीछे जमीन का विवाद था, पैसे का लेनदेन या रंगदारी का दबाव।

error: Content is protected !!