राजधानी राँची में शाम होते ही एक्शन मोड में पुलिस, 50 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी; 100 से अधिक संदिग्ध पकड़े गए,पूछताछ के बाद छोड़ा..
राँची। राजधानी राँची में शनिवार की शाम अचानक पुलिस का ऑपरेशन शुरू हुआ तो शहर के कई इलाकों में हड़कंप मच गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, हुड़दंग, मनमानी और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए राँची पुलिस ने एक साथ 50 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमें एक साथ सक्रिय हुईं और देर शाम तक संदिग्ध लोगों तथा वाहनों की जांच करती रहीं।
इस दौरान 100 से अधिक लोगों को पुलिस ने पकड़ा। इनमें खुले में शराब पीने वाले, सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने या जमावड़ा लगाने वाले तथा हुड़दंग करते पाए गए लोग शामिल थे। पुलिस ने सभी के नाम-पते दर्ज किए और कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया। पुलिस ने साफ कर दिया कि दोबारा ऐसी गतिविधियों में पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का अभियान सिर्फ एक इलाके तक सीमित नहीं रहा। फिरायालाल चौक, अल्बर्ट एक्का चौक और मेन रोड जैसे प्रमुख व्यापारिक इलाकों में पुलिस ने चेकिंग की। इसके अलावा ओटीसी ग्राउंड, डीआईजी ग्राउंड और मोरहाबादी मैदान में भी पुलिस की टीमों ने जमावड़े और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।
धुर्वा के स्मार्ट सिटी परिसर, रिंग रोड से जुड़े सुनसान रास्तों, खाली प्लॉट और निर्माणाधीन इलाकों को भी पुलिस ने जांच के दायरे में रखा। ऐसे स्थानों पर विशेष रूप से यह देखा गया कि कहीं असामाजिक तत्वों का जमावड़ा तो नहीं है या कोई आपराधिक गतिविधि तो नहीं चल रही।
शहर की देशी और विदेशी शराब दुकानों के आसपास भी पुलिस ने विशेष जांच की। शराब दुकानों के नजदीक मौजूद ढाबों, गुमटियों और नुक्कड़ों पर भी पुलिस पहुंची। खुले में शराब पीने वालों को पकड़ा गया और उन्हें सार्वजनिक स्थान पर नशाखोरी से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।पुलिस का मानना है कि शराब दुकानों के आसपास होने वाला अनावश्यक जमावड़ा कई बार विवाद, मारपीट और दूसरे अपराधों का कारण बनता है। ऐसे में इन स्थानों पर नियमित निगरानी बढ़ाने की तैयारी है।
अभियान की खास बात यह रही कि सिर्फ थाने की पुलिस को कार्रवाई के लिए नहीं भेजा गया, बल्कि DSP स्तर के अधिकारी खुद फील्ड में उतरे। थाना प्रभारी और सशस्त्र पुलिस बल के जवानों के साथ अधिकारियों ने अलग-अलग इलाकों में जांच की।
वरीय पुलिस अधिकारियों ने अभियान की रियल टाइम मॉनिटरिंग की। पुलिस टीमों को संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, वाहनों की जांच और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ हटाने के निर्देश दिए गए थे।
राँची पुलिस के इस अभियान में महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई। सार्वजनिक स्थानों पर फब्तियां कसने, महिलाओं से दुर्व्यवहार करने, शराब के नशे में उत्पात मचाने और राहगीरों को परेशान करने वालों पर पुलिस की खास नजर रही।पुलिस का संदेश स्पष्ट है कि राजधानी की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग या मनमानी करने वालों को अब आसानी से बच निकलने का मौका नहीं मिलेगा। जिन लोगों को शनिवार के अभियान में पकड़ा गया, उनका रिकॉर्ड दर्ज किए जाने से भविष्य में उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखना भी आसान होगा।
112 पर सूचना दें, पुलिस तत्काल पहुंचेगी
राँची पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी सार्वजनिक स्थान पर संदिग्ध गतिविधि, शराबखोरी, हुड़दंग या किसी व्यक्ति द्वारा उपद्रव किए जाने की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें या नजदीकी थाना को जानकारी दें।पुलिस ने कहा है कि राजधानी में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए इस तरह के समकालिक और अचानक जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। खासकर संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि अपराध होने से पहले ही उस पर रोक लगाई जा सके।

