चलते ट्रक में अचानक लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान; पीछे आ रहा पिकअप भी चपेट में आया

 

गिरिडीह।जिले के गिरिडीह-मधुपुर मुख्य मार्ग पर बेंगाबाद मोड़ के पास गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलते ट्रक के डीजल टैंक में अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते ट्रक आग की लपटों से घिर गया। घटना के दौरान ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में पीछे चल रहा एक पिकअप मालवाहक वाहन भी आग की चपेट में आ गया, जिससे उसका अगला पहिया आंशिक रूप से जल गया।

मिली जानकारी के अनुसार ट्रक गिरिडीह से मधुपुर की ओर जा रहा था। बेंगाबाद मोड़ के समीप अचानक ट्रक के डीजल टैंक में जोरदार धमाका हुआ। धमाका होते ही टैंक से डीजल सड़क पर फैलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई।आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन में आग लगते ही चालक ने बिना समय गंवाए ट्रक से छलांग लगा दी। उसकी तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया।


बताया गया कि ट्रक के ठीक पीछे एक पिकअप मालवाहक वाहन भी आ रहा था। ट्रक से निकला डीजल सड़क पर फैल चुका था। इसी दौरान आग की लपटें पिकअप तक भी पहुंच गईं। आग की चपेट में आने से पिकअप का अगला पहिया आंशिक रूप से जल गया।गनीमत रही कि आग ने पिकअप को पूरी तरह अपनी चपेट में नहीं लिया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

अचानक सड़क के बीचोंबीच ट्रक धू-धूकर जलने लगा तो आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोग अपने स्तर से पानी लाकर आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।घटना के कारण कुछ देर के लिए गिरिडीह-मधुपुर मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ट्रक चालक की सूझबूझ और समय रहते वाहन से बाहर निकल जाने के कारण उसकी जान बच गई। वहीं पिकअप चालक और अन्य लोगों के सुरक्षित रहने से भी राहत की बात रही।प्रारंभिक तौर पर ट्रक के डीजल टैंक में धमाके के बाद आग लगने की बात सामने आ रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर वाहन की सुरक्षा और सड़क पर ज्वलनशील पदार्थ फैलने से उत्पन्न खतरे को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

error: Content is protected !!