राँची में पूर्व सांसद के फ्लैट में चोरी, परिजनों ने दो चोरों को रंगेहाथ पकड़ा…
राँची। राजधानी राँची में चोरी की एक घटना के दौरान पूर्व सांसद के परिजनों की सतर्कता से दो युवक रंगेहाथ पकड़े गए। दोनों युवक पलामू के पूर्व सांसद घूरन राम के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर नगर के भव्य इनक्लेव अपार्टमेंट में बने फ्लैट में चोरी करने घुसे थे। परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया और बाद में नामकुम पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवकों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब सात बजे दो युवक चोरी-छिपे पूर्व सांसद के फ्लैट में दाखिल हो गए। घर के लोगों को इसकी भनक नहीं लगी और दोनों ने पहले कमरे में रखा मोबाइल फोन चुरा लिया। इसके बाद वे घर के अंदर दूसरे कमरे में पहुंचे और वहां रखे सूटकेस को खोलकर सामान खंगालने लगे।
सूटकेस खोलने के दौरान हुई आवाज से घर में मौजूद लोगों को शक हुआ। जब परिजनों ने सतर्क होकर हलचल की जानकारी लेने की कोशिश की, तो दोनों युवक घबरा गए। खुद को घिरता देख वे भागने लगे। इसी बीच परिजनों ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर अपार्टमेंट के दूसरे फ्लैटों में रहने वाले लोग भी बाहर निकल आए और एकजुट होकर दोनों युवकों को पकड़ लिया।इसके बाद घटना की सूचना नामकुम पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों युवकों को थाने ले गई।
पूर्व सांसद के बेटे विकास ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे दो युवक उनके फ्लैट में घुस आए थे। मोबाइल फोन चोरी करने के बाद दोनों दूसरे कमरे में रखे सूटकेस को खोलने लगे। इसी दौरान आवाज सुनकर घर के लोगों को संदेह हुआ और उनकी सतर्कता से दोनों पकड़े गए।
फिलहाल नामकुम पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किसी अन्य चोरी की घटना में भी शामिल रहे हैं या नहीं। घटना के बाद अपार्टमेंट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

