राँची में सब्जी खरीदने निकली 16 वर्षीय किशोरी लापता, बहला-फुसलाकर अपहरण का आरोप, बरियातू थाने में FIR दर्ज
राँची।राजधानी राँची के बरियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ा तालाब स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी से एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता के पिता ने बरियातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पिता के अनुसार,16 वर्षीय पुत्री बीते 26 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे सब्जी बाजार जाने के बहाने घर से निकली थी। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। छानबीन के क्रम में परिजनों को जानकारी मिली कि जोड़ा तालाब, सत्तार कॉलोनी निवासी जैद खां उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। परिजनों ने बताया कि घर से निकलते वक्त किशोरी ने भूरे (ब्राउन) रंग का कुर्ता और नीले (ब्लू) रंग की जींस पहनी थी। वह अपने साथ पिता का मोबाइल फोन भी लेकर गई है। पुलिस मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए अपहृत किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।दोनों के अलग-अलग धर्म होने के कारण मामला अब धार्मिक रंग लेने लगा है। नाबालिग लड़की और आरोपी दूसरे धर्म से होने के कारण लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।

