नेपाल की तबाही के बीच राँची का युवक लापता, परिवार की सांसें अटकीं

राँची। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच राँची के एक परिवार पर चिंता का पहाड़ टूट पड़ा है। कोकर स्थित हैदर अली रोड नंबर-12 निवासी रामप्रसाद घोष नेपाल में बाढ़ की तबाही के बाद से लापता बताए जा रहे हैं। परिजनों का रामप्रसाद से संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे परिवार की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है।

रामप्रसाद नेपाल के अपर त्रिशूली क्षेत्र में स्थित एंड्रिट्ज हाइड्रो पावर कंपनी में एडमिन के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया है कि वह पिछले करीब छह से सात महीनों से कंपनी से जुड़े हुए थे।

मंगलवार को हुई थी आखिरी बातचीत

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को रामप्रसाद से उनकी बातचीत हुई थी। इसके बाद नेपाल में प्राकृतिक आपदा की भयावह जानकारी सामने आने लगी। गुरुवार को परिवार ने रामप्रसाद से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन नहीं लगा। लगातार प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं होने से परिजनों की चिंता गहरा गई है।

एंबेसी से भी संपर्क, सुरक्षित होने की उम्मीद

रामप्रसाद के बारे में जानकारी जुटाने के लिए परिवार के लोग लगातार एंबेसी से संपर्क कर रहे हैं। परिजनों को अब भी उम्मीद है कि रामप्रसाद सुरक्षित होंगे और जल्द ही उनका कोई सुराग मिल जाएगा।

परिजनों ने बताया कि रामप्रसाद करीब दो महीने पहले ही छुट्टी लेकर रांची आए थे। वापस नेपाल जाने के बाद अब प्राकृतिक आपदा के बीच उनसे संपर्क टूट गया है। घटना की जानकारी के बाद परिवार में मातम और बेचैनी का माहौल है। रामप्रसाद के भाई सदमे में हैं और ठीक से बातचीत भी नहीं कर पा रहे है।

error: Content is protected !!