जन्मदिन का जश्न मातम में बदला: पलनाडू में बस-ऑटो की भीषण भिड़ंत, 7 की मौत और 4 मासूमों समेत 8 घायल
डेस्क टीम।आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में गुरुवार की काली भोर एक हंसते-खेलते कुनबे के लिए काल बनकर आई। बापटला जिले के कोंडामंजुलुरु में एक बच्चे की सालगिरह का जश्न मनाकर लौट रहे ग्रामीणों की ऑटो-रिक्शा जब चिलाकलुरिपेट चौराहे के पास पहुंची, तब विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट ट्रैवल्स बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हंसते-खिलखिलाते जा रहे 15 लोगों का सफर पलक झपकते ही चीख-पुकार और मातम में तब्दील हो गया। हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 मासूम बच्चों समेत 8 लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
मंजिल से कुछ दूर थम गईं सांसें
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत वाहन में फंसे लोगों को निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान तीन और लोगों की सांसें थम गईं।जिनमें से दो की मौत गुंटूर के सरकारी जनरल अस्पताल (GGH) में और एक की चिलाकलुरिपेट सरकारी अस्पताल में हुई।
एक ही गांव में पसरा सन्नाटा
इस भयानक त्रासदी ने चिलाकलुरिपेट मंडल के वेलुरु गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। मृतकों की पहचान बोंटा बाबू (62), बोंटा मनेम्मा (55), संपूर्णम्मा (70), लक्ष्मम्मा (75), गंगम्मा (50), चौतुपल्ली सुवर्ता (45) और मरियम्मा (45) के रूप में हुई है। एक ही गांव के सात लोगों की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अस्पताल में जद्दोजहद और पुलिस की कार्रवाई
हादसे में गंभीर रूप से घायल 8 लोगों (जिनमें 4 बच्चे भी शामिल हैं) को गुंटूर GGH में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार और भोर के समय विजिबिलिटी की कमी को माना जा रहा है।
