5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले तक ऐसे पहुंची राँची पुलिस, लोहरदगा से आरोपी गिरफ्तार
राँची।राजधानी राँची के अशोक नगर में रहने वाले डॉक्टर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर गोली मारकर हत्या की धमकी देने के मामले में राँची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अरगोड़ा थाना में दर्ज इस सनसनीखेज मामले की तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने दीपक कुमार दास उर्फ दीपू को लोहरदगा से गिरफ्तार किया है।अरगोड़ा थाना में दर्ज केस की तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने दीपक कुमार दास (46) को गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपी के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल मोबाइल का सिम बरामद किया है और मामले में आगे की जांच जारी है।वही आरोपी को आज जेल भेज दिया है।
मामले की शुरुआत डॉक्टर की पैतृक जमीन खरीदने के बहाने हुई थी। आरोपियों ने पहले डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा से जमीन को लेकर संपर्क किया। बातचीत के बाद मामला अचानक रंगदारी तक पहुंच गया और डॉक्टर से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम की मांग की गई। रकम नहीं देने पर उन्हें लोहरदगा में गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी गई।
डॉक्टर ने पुलिस को बताया था कि 29 जुलाई की रात उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लगातार दर्जनों कॉल और मिस्ड कॉल आए थे। लगातार आ रहे फोन और धमकी के बाद डॉक्टर ने मामले की शिकायत अरगोड़ा पुलिस से की। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।मामला हाईप्रोफाइल और गंभीर होने के कारण पुलिस ने सीधे तकनीकी जांच का सहारा लिया। जांच टीम ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल नंबर और लोकेशन समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। जांच के दौरान संदिग्ध नंबर की लोकेशन लोहरदगा में मिली।
पहले मोबाइल धारक महिला तक पहुंची पुलिस
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राँची पुलिस की टीम ने लोहरदगा में छापेमारी की। पुलिस ने पहले उस मोबाइल नंबर की महिला धारक को पकड़ा, जिससे डॉक्टर को लगातार फोन किए गए थे।
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि मोबाइल नंबर उसके नाम पर है, लेकिन उसका इस्तेमाल उसका पति दीपक कुमार उर्फ दीपू करता है। महिला से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस ने इसके बाद आरोपी दीपू को गिरफ्तार कर लिया।
अब खुलेगा पूरी साजिश का राज
दीपक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि डॉक्टर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की पूरी साजिश किसने रची थी, धमकी देने के पीछे और कौन लोग शामिल थे और जमीन के बहाने डॉक्टर को निशाना बनाने की योजना कैसे तैयार की गई।पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के बाद मामले में शामिल अन्य लोगों और पूरी साजिश का खुलासा हो सकता है।

