सेठ का भरोसा जीता, फिर घर के जेवर पर साफ कर दिया हाथ… गिरिडीह से पकड़ा गया नौकर, ससुराल से 55 लाख के गहने बरामद

गिरिडीह। कोलकाता में नौकरी के दौरान सेठ का भरोसा जीतने वाले गिरिडीह के एक युवक ने कथित तौर पर उसी भरोसे को धोखे में बदल दिया। खाना बनाने और घर के दूसरे कामों की जिम्मेदारी संभालने वाले युवक पर सेठ के घर से लाखों रुपये के सोने और हीरे के आभूषण चोरी करने का आरोप लगा। शिकायत के बाद कोलकाता पुलिस ने जांच शुरू की तो शक नौकर घुपन पासवान पर गया। पूछताछ में चोरी की बात सामने आने के बाद पुलिस उसे लेकर गिरिडीह पहुंची।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए आभूषण उसने अपने ससुराल में छिपाकर रखे हैं। इसके बाद कोलकाता पुलिस ने गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार से संपर्क किया और मामले की जानकारी दी। बुधवार को पश्चिम बंगाल पुलिस आरोपी को साथ लेकर गिरिडीह पहुंची।

एसपी के निर्देश पर पचम्बा इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन और थाना प्रभारी राजीव कुमार की अगुवाई में स्थानीय पुलिस टीम ने कोलकाता पुलिस के साथ कमरसाली गांव स्थित आरोपी के ससुराल में छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई देर रात तक चली।

ससुराल पहुंचते ही खुला चोरी का राज

छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में सोने के जेवरात बरामद हुए। पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों की कीमत करीब 55 लाख रुपये से अधिक है। तलाशी के दौरान हीरे के आभूषण भी मिलने की बात सामने आई है। इतनी बड़ी बरामदगी के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से कोलकाता में सेठ के यहां काम कर रहा था। घर में रहने और काम करने के कारण उसे परिवार का भरोसा हासिल था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने कथित तौर पर जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

कोलकाता से गिरिडीह तक पहुंची पुलिस की जांच

बेनियापुकुर थाना में चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद कोलकाता पुलिस ने घर में काम करने वाले लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच आगे बढ़ी तो शक घुपन पासवान पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद चोरी के आभूषण गिरिडीह स्थित ससुराल में छिपाए जाने की जानकारी मिली।

गिरिडीह पुलिस के सहयोग से हुई कार्रवाई में अब चोरी के लाखों रुपये के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल कोलकाता पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की पूरी रकम और कितने आभूषण आरोपी ने ठिकाने लगाए थे।

डीएसपी आरके राणा ने बताया कि चोरी के मामले में कोलकाता पुलिस गिरिडीह पहुंची थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से चोरी के जेवरात बरामद किए गए हैं। बरामद जेवरात की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!