विधायक के घर सुबह-सुबह पुलिस की रेड, भाई पर जमीन विवाद में दबंगई का आरोप; सर्च वारंट लेकर पहुंची पुलिस

मुजफ्फरपुर। सीतामढ़ी के बेलसंड से लोजपा (रामविलास) के विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर रविवार की सुबह अचानक पुलिस टीम पहुंची। पुलिस कोर्ट से जारी सर्च वारंट लेकर विधायक के घर पहुंची और आवास की तलाशी शुरू कर दी। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा तेज हो गई।बताया जा रहा है कि पुलिस की यह कार्रवाई जमीन विवाद और बाउंड्री तोड़े जाने के मामले से जुड़ी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। इसी मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया और रविवार को विधायक के आवास पर पहुंचकर तलाशी ली।
विधायक के भाई पर दबंगई का आरोप
मामले में विधायक के भाई की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विधायक के भाई कुछ अज्ञात युवकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। शिकायत के मुताबिक, जिस वाहन से वे पहुंचे थे, उस पर लोजपा (रामविलास) का झंडा लगा हुआ था। आरोप है कि इसके बाद जमीन की बाउंड्री को तोड़ दिया गया।पीड़ित पक्ष ने घटना का वीडियो मौजूद होने का भी दावा किया है। पुलिस वीडियो समेत शिकायत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
जमीन विवाद और बाउंड्री तोड़े जाने के मामले में पुलिस पहले ही दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज होने की बात सामने आ रही है। अब पुलिस विधायक के भाई समेत अन्य आरोपितों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
सर्च वारंट लेकर विधायक के घर पहुंची पुलिस
लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने न्यायालय से सर्च वारंट लिया। इसी वारंट के आधार पर रविवार सुबह पुलिस टीम विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर पहुंची। पुलिस ने घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली।फिलहाल तलाशी के दौरान पुलिस को क्या-क्या मिला है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की कार्रवाई पूरी होने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही बरामदगी या अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस का साफ संदेश- कानून सबके लिए बराबर
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से यही संकेत दिया जा रहा है कि मामले में आरोप चाहे किसी पर भी हों, जांच कानून के मुताबिक होगी। विधायक के भाई की भूमिका को लेकर लगे आरोपों की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।वहीं, 2025 के विधानसभा चुनाव में अमित कुमार रानू बेलसंड सीट से लोजपा (रामविलास) के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। विधायक के आवास पर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जमीन विवाद का मामला और चर्चा में आ गया है।

