राँची में छात्र संगठनों के मार्च के दौरान भारी बवाल, महिला से बदसलूकी और युवकों पर जानलेवा हमला; छात्र नेताओं समेत 250 पर तीन अलग-अलग केस दर्ज-

-बिना अनुमति निकाले गए जुलूस में रूट बदलकर उत्पात, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की; मजिस्ट्रेट, घायल युवक और महिला की शिकायत पर कोतवाली और लोअर बाजार में कानूनी कार्रवाई

राँची।राजधानी राँची में 21 अगस्त की शाम ‘JPSC/JSSC रिफॉर्म्स मंच’ के बैनर तले बिना प्रशासनिक अनुमति के निकाले गए विरोध मार्च के दौरान भारी उपद्रव और मारपीट का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का पुतला दहन करने निकले प्रदर्शनकारियों ने तय रूट तोड़कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान चडरी तालाब के पास एक महिला से अभद्र व्यवहार व छेड़खानी की गई, वहीं एमजी शोरूम के पास दो युवकों पर जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम के साथ भी धक्का-मुक्की की गई जिसमें कई जवानों को चोटें आई हैं। मामले में अंचलाधिकारी (दंडाधिकारी), पीड़ित युवक और पीड़ित महिला की ओर से छात्र नेताओं—कुणाल कुमार, पीयूष, रविंद्र पासवान, चंडी तिवारी, अमीषा प्रसाद सहित 200 से 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज कराई गई हैं।

बिना अनुमति निकला जुलूस, तय रूट बदलकर डीसी-एसएसपी आवास की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी

शहर अंचलाधिकारी सह प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी शिवशंकर पाण्डेय द्वारा कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, 21 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे बापू वाटिका, मोरहाबादी से 200-250 लोग झंडा-बैनर लेकर अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन के लिए एकत्रित हुए थे। मौके पर मौजूद बड़गाईं सीओ विजय कुमार दास ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि कार्यक्रम की अनुमति नहीं है, लेकिन छात्र नेता जबरन आगे बढ़ने लगे। प्रदर्शनकारी तय रूट (जेल चौक-लाइन टैंक रोड) के विपरीत उग्र होकर गुटका चौक, डीसी आवास और एसएसपी आवास होते हुए रेडियम रोड की तरफ बढ़ गए। लालपुर थाना प्रभारी द्वारा सरकारी आदेश की अवहेलना का हवाला देकर रोकने के बावजूद भीड़ नहीं मानी और कचहरी चौक होते हुए जेपीएससी कार्यालय पहुंच कर जोरदार नारेबाजी करने लगी। इसके बाद भीड़ लाइन टैंक रोड होते हुए फिरायालाल चौक की ओर बढ़ी और रास्ते भर पुलिसकर्मियों पर अभद्र टिप्पणियां करती रही।

चडरी तालाब के पास महिला पर हमला, कपड़े फाड़े

घटना के दौरान न्यू शास्त्री नगर निवासी अंकिता वर्मा ने कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता के अनुसार, शाम करीब 7 बजे जब वह जेल चौक से मेन रोड की ओर जा रही थीं, तभी चडरी तालाब के पास जुलूस में शामिल उग्र भीड़ ने उन्हें दूसरे गुट का समझकर घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए लज्जा भंग करने के इरादे से उनके कपड़े फाड़ दिए गए और मारपीट की गई। पीड़िता के बाएं हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप कर महिला को भीड़ से सुरक्षित निकाला।

नारेबाजी का कारण पूछने पर दो युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती आजाद बस्ती निवासी शहबाज आलम के फर्दबयान पर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शहबाज के अनुसार, वह अपने दोस्त मो. कैफ के साथ एमजी शोरूम के पास खड़े थे। जुलूस को सरकार विरोधी नारे लगाते देख जब उन्होंने इसका कारण पूछा, तो भीड़ ने उन्हें ‘विरोधी ग्रुप का सदस्य’ बताकर हमला कर दिया। दोनों युवक जान बचाकर लाइन टैंक तालाब, शारदा बाबू लेन होते हुए फिरायालाल की ओर भागे, लेकिन छात्र नेताओं के उकसावे पर भीड़ ने उन्हें बीएसएनएल कार्यालय और शास्त्री मार्केट के पास पकड़ लिया। वहां लाठी-डंडे, झंडे के डंडे, ईंट-पत्थर और लात-घूंसों से दोनों की बेरहमी से पिटाई की गई और कपड़े फाड़ दिए गए।

पुलिस ने अस्पताल पहुंचा कर बचाई जान, 14 नामजद सहित अज्ञात पर केस दर्ज

दंडाधिकारी शिवशंकर पाण्डेय और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों—सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय, वरीय डीएसपी के.वी. रमण और कई थानों के प्रभारियों ने भारी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को उग्र भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और पुलिस वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया। बीच-बचाव के दौरान भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई, जिससे कई जवानों को चोटें आईं। दर्ज प्राथमिकियों में मुख्य रूप से छात्र नेता कुणाल कुमार, पीयूष, रविंद्र पासवान, चंडी तिवारी, सुमित शर्मा, चितरंजन कुमार, विवेक पंडित, सौरभ वीरेंद्र प्रताप पटेल, जयराज, अकेन आनंद, सौरभ साह, आकाश आनंद, विक्की भारती, अमीषा प्रसाद और एक अन्य महिला सहित 200-250 अज्ञात उपद्रवियों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस पूरे मामले में वीडियो फुटेज खंगाल कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

error: Content is protected !!