दो महीने बाद खुला मासूम की मौत का राज, माँ ने ही बेटे को कुएं में फेंककर मार डाला

दुमका।जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र के धोबरना गांव में करीब दो माह पहले कुएं से मिले पांच वर्षीय अमन किस्कू के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि बच्चे की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी माँ डोली किस्कू ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी माँ को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में महिला ने अपने बेटे को कुएं में फेंकने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद और घरेलू तनाव के कारण डोली मानसिक रूप से परेशान रहती थी। इसी तनाव और आक्रोश में उसने कथित तौर पर अपने पांच वर्षीय बेटे अमन को 19 जून की देर रात घर से कुछ दूरी पर स्थित कुएं में धकेल दिया। अगले दिन ग्रामीणों ने कुएं में बच्चे का शव देखा, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
20 जून को कुएं में मिला था शव
20 जून को धोबरना गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक कुएं में ग्रामीणों ने बच्चे का शव देखा था। सूचना मिलने पर गोपीकांदर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान पांच वर्षीय अमन किस्कू के रूप में हुई।अमन अपनी माँ डोली टुडू के साथ अपने ननिहाल में रहता था। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और बच्चे की मौत के पीछे की वजह तलाशने में जुट गई।
पति के साथ अक्सर होता था विवाद
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अमन के पिता निकोलस किस्कू पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के भिंडीवन गांव के रहने वाले हैं और मजदूरी करते हैं। काम के सिलसिले में वह अक्सर बाहर रहते थे। जब वह घर लौटते थे तो अपनी पत्नी और बेटे से मिलने धोबरना आते थे।पुलिस के मुताबिक, डोली चाहती थी कि पति उसे अपने साथ अपने घर ले जाए, जबकि निकोलस काम की मजबूरियों का हवाला देकर उसे मायके में ही रहने की सलाह देता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। कई बार ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायती भी हुई, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
बेटे को लेकर भी बढ़ता गया तनाव
थाना प्रभारी सुमित भगत के अनुसार, निकोलस जब अपने गांव लौटता था तो कई बार अपने बेटे अमन को साथ ले जाता था और बाद में उसे वापस छोड़ जाता था। बच्चे को लेकर पति-पत्नी के बीच होने वाले विवाद ने डोली के तनाव को और बढ़ा दिया।
पुलिस का दावा है कि इसी आक्रोश में डोली ने बेटे अमन को रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला लिया। 19 जून की रात वह बच्चे को लेकर घर से निकली और कथित तौर पर उसे कुएं में धकेल दिया।
पूछताछ में कबूला अपराध
गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित भगत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और पूछताछ में डोली ने अपने बेटे की हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।करीब दो महीने से रहस्यमय बनी पांच वर्षीय अमन की मौत की घटना का खुलासा होने के बाद गांव में भी सनसनी फैल गई है।

