रास्ते का कांटा हटाने के लिए पार की हैवानियत की हदें: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को सुलाया मौत की नींद,प्रेमी के साथ गिरफ्तार

हजारीबाग।अवैध प्रेम संबंधों में बाधक बन रहे पति की बेदर्दी से हत्या करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हजारीबाग जिले के ईचाक थाना क्षेत्र अंतर्गत बोंगा गांव में एक कलयुगी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को हमेशा के लिए रास्ते से हटा दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना का खुलासा कर दिया है और आरोपी पत्नी तथा उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब 15 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को बोंगा गांव में बीरेन्द्र कुमार (पिता- नूनू प्रजापति) की हत्या की सूचना मिली। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार ईचाक थाना प्रभारी सशस्त्र बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर अंत्य-परीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए भेज दिया।
पुलिस ने संदेहास्पद स्थिति को देखते हुए मृतक की 29 वर्षीय पत्नी संजू देवी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की। कड़ाई से पूछताछ करने पर संजू देवी ने जो सच उगला, उससे पुलिस के भी होश उड़ गए।
संजू देवी ने कबूल किया कि उसका गांव के ही 24 वर्षीय रंजन कुमार मेहता (पिता- अशोक मेहता) के साथ पिछले 02 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस अवैध संबंध में उसका पति बीरेन्द्र कुमार लगातार रोड़ा बन रहा था। प्रेम में अंधी हो चुकी पत्नी ने अपने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 14 अगस्त की रात संजू देवी ने अपने प्रेमी रंजन कुमार को घर बुलाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर बीरेन्द्र कुमार का गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी।
मामले का खुलासा होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सह-अभियुक्त रंजन कुमार को ग्राम करियातपुर से गिरफ्तार कर लिया। थाने में पूछताछ के दौरान प्रेमी रंजन ने भी अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।दोनों अभियुक्तों की निशानदेही और स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया सामान बरामद कर लिया है।हत्या में प्रयुक्त काले रंग का गमछा ,एक तकिया एवं एक पारदर्शी पॉलिथिन और दो (02) एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किया है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने वाली पुलिस टीम में ईचाक थाना प्रभारी पु०अ०नि० गौतम कुमार, अनुसंधानकर्ता पु०अ०नि० संतोष कुमार-2, पु०अ०नि० नन्दकिशोर दास सहित ईचाक थाना के सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल रहे। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
..
..
..
..
..

