हंसडीहा स्टेशन पर डाकबमों का सैलाब, इंजन तक पहुंची भीड़; 40 मिनट थमी एलटीटी सुपरफास्ट

हंसडीहा। भागलपुर के उत्तरवाहिनी गंगा घाट से गंगाजल लेकर बाबा बासुकिनाथ धाम रवाना होने के लिए डाकबमों की भारी भीड़ रविवार तड़के हंसडीहा रेलवे स्टेशन पर उमड़ पड़ी। सुबह होते-होते स्टेशन परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। भीड़ का आलम यह रहा कि कई श्रद्धालु रेलवे ट्रैक और ट्रेन के इंजन तक पहुंच गए।

स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब एक डाकबम इंजन पर चढ़ गया। इससे लोको पायलट और गार्ड को काफी परेशानी हुई। बताया गया कि गोड्डा-मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट के लोको पायलट और गार्ड ने स्टेशन मास्टर से आरपीएफ जवानों को मौके पर भेजने का आग्रह किया।

डाकबमों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसके बावजूद ट्रेन के पहुंचने के समय स्टेशन पर पर्याप्त पुलिस बल नजर नहीं आया। नतीजा यह हुआ कि भीड़ संभालने में रेलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

40 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन

श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण मुंबई जाने वाली एलटीटी सुपरफास्ट करीब 40 मिनट तक हंसडीहा स्टेशन पर रुकी रही। इस दौरान स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सबसे ज्यादा परेशानी आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को हुई, जिन्हें भीड़ के बीच अपनी सीट तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

हर साल तीसरी सोमवारी पर उमड़ती है भीड़

तीसरी सोमवारी के मौके पर हर वर्ष हंसडीहा में डाकबमों की भारी भीड़ जुटती है। प्रशासन की ओर से शिविर लगाकर टोकन वितरण समेत श्रद्धालुओं के लिए कई व्यवस्थाएं की जाती हैं। डाकबमों की भीड़ का असर हंसडीहा बाजार और मुख्य मार्ग पर भी पड़ता है, जहां जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन को काफी प्रयास करना पड़ता है।

इस घटना ने रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे और जिला प्रशासन को भविष्य में स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बल, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की ठोस व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करनी होगी, ताकि धार्मिक यात्रा के दौरान रेल परिचालन बाधित न हो और आम यात्रियों की सुरक्षा भी बनी रहे।

 

error: Content is protected !!