रात में टकराए दो हाइवा, एक का अगला हिस्सा चकनाचूर..चालक मौके से फरार; पुलिस जांच में जुटी

खाली हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, चालक मौके से फरार

गिरिडीह। जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के रेम्बा मोड़ के समीप देर रात दो हाइवा की जोरदार भिड़ंत से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पीछे से आ रहे एक खाली 12 चक्का हाइवा ने आगे चल रहे पत्थर लदे हाइवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खाली हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।घटना के बाद टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों वाहन एक ही दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहा खाली हाइवा आगे चल रहे पत्थर लदे वाहन से जा भिड़ा।हादसे के बाद खाली हाइवा का चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के पीछे चालक के नींद में होने या नशे की हालत में वाहन चलाने की आशंका जताई है। हालांकि, चालक के नशे में होने की पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त खाली हाइवा नागालैंड नंबर का है। सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक की पहचान में जुटी है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाइवा कहां से आ रहा था, उसका संचालन कौन कर रहा था और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रेम्बा मोड़ पर भारी वाहनों की आवाजाही और उनकी रफ्तार को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार भारी वाहनों का परिचालन होता है, ऐसे में गति पर नियंत्रण और यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की रफ्तार पर निगरानी बढ़ाने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

error: Content is protected !!