राँची के बनस तालाब में नहाने के दौरान छात्र डूबा, स्थानीय गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन,एनडीआरएफ टीम का इंतजार…

 

राँची। राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित बनस तालाब में बुधवार दोपहर नहाने के दौरान एक कॉलेज छात्र के गहरे पानी में डूबने की दुखद घटना सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते तालाब के आसपास स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली।

मिली जानकारी के अनुसार, तालाब में डूबने वाले छात्र की पहचान 20 वर्षीय शशि राज तिग्गा के रूप में हुई है। शशि राज तिग्गा पिस्का नगड़ी क्षेत्र के कोलाम्बी गांव का रहने वाला था और संत पॉल कॉलेज, बहु बाजार में फर्स्ट ईयर का छात्र था। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर वह अपने कुछ साथी छात्रों के साथ बनस तालाब में नहाने के लिए गया था।

बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान शशि राज तालाब के गहरे हिस्से में चला गया। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में डूबने लगा। छात्र को डूबता देखकर उसके साथ मौजूद सुशांत खलखो समेत आसपास के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में पूरी तरह डूब गया।स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराने की पहल की।

एनडीआरएफ और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया है।इधर स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में डूबे छात्र की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तालाब के गहरे पानी में लगातार छात्र की तलाश की जा रही है।

घटना के बाद तालाब के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और छात्र जुट गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से आवश्यक जानकारी ली और बचाव अभियान में व्यवधान न हो, इसके लिए स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना की जानकारी छात्र के परिजनों को भी दे दी गई है। शशि राज के तालाब में डूबने की खबर मिलने के बाद उसके परिवार में मातम का माहौल है। परिजन भी घटना की सूचना मिलने के बाद मौके के लिए रवाना हुए हैं।मौके पर चुटिया थाना प्रभारी पूनम कूजुर मौजूद हैं और पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है। पुलिस घटना के कारणों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल प्राथमिकता तालाब में डूबे छात्र का पता लगाना और उसे बाहर निकालना है।बुधवार दोपहर हुई इस घटना के बाद बनस तालाब में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

error: Content is protected !!