पलामू: डैम में युवती ने लगाई छलांग, मौत; जीजा के साथ घूमने गई थी…जांच में जुटी है पुलिस..

​पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र स्थित हडीयाही डैम में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 22 वर्षीय युवती राखी कुमारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में डैम में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर लगभग 2:00 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नौडीहा बाजार निवासी प्रमोद साव की पुत्री राखी कुमारी अपने जीजा के साथ मोटरसाइकिल से हडीयाही डैम की तरफ घूमने गई थी। डैम के समीप पहुंचने के बाद जब दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक राखी ने बिना कुछ समझे डैम के गहरे पानी में छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से जीजा हक्के-बक्के रह गए और तुरंत स्थानीय लोगों को मदद के लिए पुकारा।

​दो घंटे की मशक्कत के बाद बरामद हुआ शव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और तुरंत नौडीहा बाजार थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय मछुआरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मछुआरों ने युवती के शव को पानी से बाहर निकाला।

​पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक दृष्टि में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन युवती ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और साथ गए जीजा से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!