झाड़ियों में मिली लाश,कार में मिला सुराग … धनबाद पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई सनसनीखेज हत्याकांड…

धनबाद।धनबाद पुलिस ने कतरास के सोरीटांड़ में हुई जयराम मांझी हत्याकांड का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम चौहान और कुन्दन कुमार के रूप में हुई है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए कई अहम सबूत भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 22 जुलाई को जयराम मांझी अपनी कार से जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लोहे के पाइप, पत्थर और अन्य हथियारों से उनके सिर और चेहरे पर वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया, जबकि कार घटनास्थल से कुछ दूरी पर छोड़ दी गई।
23 जुलाई की शाम पुलिस को सोरीटांड़ के पास कच्चे रास्ते में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। जांच के दौरान करीब 30 गज दूर मृतक की कार भी बरामद हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया, जिसने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खून से सना लोहे का पाइप, खून लगा पत्थर, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, अन्य दस्तावेज और आरोपियों के खून लगे कपड़े बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है और हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम की भी पड़ताल की जा रही है।

