एनएच-33 पर धधका टैंकर, आग की लपटों से घिरा चांडिल गोलचक्कर;राँची-जमशेदपुर मार्ग पर लगा जाम

 

चांडिल।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित एनएच-33 गोलचक्कर पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक टैंकर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वहीं, दमकल विभाग की टीम को तत्काल बुलाया गया, जो काफी देर तक आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी रही।
टैंकर में लगी आग के कारण रांची-जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कई वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से रवाना किया, जबकि एनएच-33 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने और सुरक्षा कारणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

error: Content is protected !!