पलामू में पुरानी भरठुवा बंदूक बनी जानलेवा, सफाई के दौरान चली गोली, 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

 

पलामू। झारखण्ड के पलामू जिले में एक दर्दनाक हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। रामगढ़ थाना क्षेत्र के नावाडीह हुटार गांव में अवैध भरठुवा बंदूक की सफाई करते समय अचानक गोली चल गई, जो सीधे बुजुर्ग के सीने में जा लगी। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान श्याम लाल भुइयां के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस गांव पहुंची और रविवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, श्याम लाल के पास यह भरठुवा बंदूक पिछले 40 वर्षों से अधिक समय से थी। बताया गया कि पहले वह कभी-कभार जंगली जानवरों के शिकार के लिए इसका इस्तेमाल करते थे। शनिवार रात वह बंदूक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान बंदूक में पहले से मौजूद बारूद के कारण अचानक फायरिंग हो गई और गोली उनके सीने में लग गई।

श्याम लाल बढ़ई मिस्त्री का काम करते थे। उनके बेटे वीरेंद्र भुइयां ने बताया कि यह बंदूक उनके जन्म से पहले से ही घर में थी। पिता इसे कहां से लाए थे, इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं है।

रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश साह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां श्याम लाल भुइयां मृत अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध भरठुवा बंदूक की सफाई के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!