राँची में AK-47 जैसी राइफलों के साथ युवकों का वीडियो वायरल, कैप्शन ने बढ़ाई हलचल

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में करीब पांच से छह युवक AK-47 जैसी दिखने वाली राइफलों के साथ नजर आ रहे हैं। हथियारों के खुले प्रदर्शन के साथ वीडियो में लिखा गया संदेश भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।

वायरल वीडियो के कैप्शन में दावा किया गया है, “हम बिना लाइसेंस का हथियार लेकर घूमते हैं, तुम बिना लाइसेंस के सड़क पर गाड़ी नहीं निकाल सकते। हमारे लिंक उनके साथ हैं… जब इरादा करने का हो तो तैयारी नहीं करते, हम हमेशा तैयार रहते हैं।” इस संदेश के चलते सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

वायरल वीडियो

हालांकि, इस वीडियो की प्रामाणिकता की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी साफ नहीं है कि वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार असली हैं या नकली। मौजूदा समय में AI तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए यह आशंका भी जताई जा रही है कि वीडियो कृत्रिम रूप से तैयार किया गया हो या फिर रील बनाने के लिए डमी हथियारों का इस्तेमाल किया गया हो।

फिलहाल पुलिस या प्रशासन की ओर से इस वायरल वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में वीडियो में किए गए दावों और इसमें दिखाई गई सामग्री की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इसलिए वायरल वीडियो को सत्यापित होने तक तथ्य के रूप में नहीं माना जा सकता।

error: Content is protected !!