हजारीबाग: पकरी बरवाडीह कोयला परियोजना में फिर गूंजी गोलियों की आवाज, हाईवा वाहनों पर हमला, मौके पर मिला पर्चा

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में कोयला परिवहन एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गया है। शनिवार की देर रात करीब 11:30 बजे तेरह माईल के पास अज्ञात अपराधियों ने कोयला ढुलाई में लगे दो हाईवा वाहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जबकि चालक किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।

सात से आठ राउंड फायरिंग से दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों और वाहन चालकों के अनुसार, तीन अपराधी पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही दोनों हाईवा वाहन वहां पहुंचे, अपराधियों ने उन पर लगातार करीब सात राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग के साथ-साथ लोहे की रॉड से वाहनों के शीशों पर भी हमला किया गया, जिससे दोनों हाईवा क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हमले में किसी चालक या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटनास्थल पर छोड़ा गया पर्चा
हमले के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते एक पर्चा छोड़ गए। पर्चे पर “प्रिंस खान K.S.S.” लिखा हुआ था। पुलिस ने पर्चे को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पर्चा छोड़ने का उद्देश्य क्या था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

पहले भी हो चुका है हमला
यह पहली बार नहीं है जब पकरी बरवाडीह परियोजना में कोयला परिवहन को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को भी तेरह माईल के समीप दिनदहाड़े अपराधियों ने कोयला ढुलाई कर रहे एक हाईवा वाहन में आग लगा दी थी। लगातार हो रही घटनाओं ने परियोजना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रबंधन ने जताई चिंता
घटना के बाद पकरी बरवाडीह परियोजना प्रबंधन ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की है। प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की आपराधिक घटनाएं न केवल कोयला परिवहन को प्रभावित करती हैं, बल्कि कर्मचारियों और चालकों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा हैं। प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। घटनास्थल से मिले पर्चे और खोखा को जब्त कर लिया है।अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों की तलाश की जा रही है।अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

 

error: Content is protected !!