अंग्रेजी नववर्ष 2021:साल के पहले दिन दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही राजधानी के प्रमुख मंदिरों में भीड़ जुटी ..

राँची।अंग्रेजी नववर्ष 2021 शुक्रवार से आरंभ हो गया है।नये साल पर जहां पिकनिक स्थल भीड़ जुट रही है।वहीं बड़ी संख्या में ऐसे भी लोग हैं जो साल के प्रथम दिन भगवान की पूजा-अर्चना नहीं भूलते हैं। मान्यता है कि साल के प्रथम दिन पूजा-अर्चना करने से पूरे साल भगवान का आशीष बनी रहती है। साल के पहले दिन दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही राजधानी के प्रमुख मंदिरों में भीड़ जुटी है। संभावित भीड़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ महिला व पुरुष बलों की तैनाती की गई है।

राजधानी के पहाड़ी मंदिर में सुबह छह बजे से जलाभिषेक आरंभ हो गया जो कि शाम सात बजे तक चलेगा। कोरोना संक्रमण और भीड़ को देखते हुए अरघा सिस्टम से जलाभिषेक की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के लाइव दर्शन की भी सुविधा की गई है। सुबह 4.30 से ही पहाड़ी बाबा के पूजा का लाइव प्रसारण किया जा रहा है।भीड़ से निपटने के लिए अनुमंडलाधिकारी के निर्देश पर चार दंडाधिकारियों की तैनाती गई है। दंडाधिकारी सुबह पांच बजे से ही मंदिर में तैनात हैं। इसके अलावा 38 सीसीटीवी कैमरे से पूरे परिसर पर नजर रखी जाएगी। पहाड़ी मंदिर प्रबंधन के कोषाध्यक्ष अभिषेक आनंद ने अपील की है कि कोरोना संक्रमण को देखते बुजुर्ग व दिव्यांग मंदिर आने के बजाय अपने घरों से ही पहाड़ी बाबा का दर्शन करें।

बालाजी को लगाया जाएगा राजभोग, सात बजे से आरंभ होगा

नए साल पर रातू रोड स्थित लक्ष्मी वेंकटेश मंदिर में सुबह 4.30 बजे पूजा-अर्चना आरंभ है। भगवान बालाजी का विश्वरूप दर्शन कराने के बाद शांतिधारा, कलश धारा अभिषेक होगा। सात बजे मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए है।प्रथम पाली में दोपहर तक दर्शन सुलभ रहेगा। 12 बजे भगवान को राजभोग निवेदन करने के बाद पट बंद कर दिए जाएंगे। पुन: चार बजे से दर्शन आरंभ होगा। श्रद्धालु अपने नाम-गोत्र के अनुसार पूजा-अर्चना करा सकते हैं। इसकी जानकारी मंदिर के प्रबंधक रंजन सिंह ने दी। इसके अलावा जगन्नाथ मंदिर, मेन रोड हनुमान मंदिर, सर्जन चौक स्थित श्रीराम मंदिर, चुटिया श्रीराम मंदिर, हिनू हनुमान मंदिर, तपोवन मंदिर, सेवा सदन स्थित श्रीलक्ष्मी वेंकटेश मंदिर में भी पूजा के लिए सुबह से ही श्रद्धाल पहुंचकर पूजा पाठ कर रहे हैं

चर्च में ऑनलाइन मिस्सा अनुष्ठान, सिमित संख्या में मिलेगा प्रवेश

नये साल के प्रथम दिन राजधानी के विभिन्न चर्चों में विशेष प्रार्थना होगी जिसका लाइव प्रसारण किया।प्रार्थना में सीमित संख्या में विश्वासी ही भाग ले सके।पुरुलिया रोड स्थित संत मारिया चर्च में पहला मिस्सा अनुष्ठान 5.30 बजे से शुरू हुई। इसके अलावा लोयला गाउंड स्थित वेंक्वेट हॉल और संत जोसेफ क्लब में भी मिस्सा अनुष्ठान है।