दहेज प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने दी जान: कांठीटांड़ चौक पर परिजनों का फूटा गुस्सा, NH-75 जाम

राँची।राजधानी राँची के रातू थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न से जुड़ी एक दुखद घटना ने तूल पकड़ लिया है। हिसरी गांव की रहने वाली माधुरी कुमारी ने ससुराल वालों की मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्मघाती कदम उठा लिया। इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-75) स्थित कांठीटांड़ चौक को पूरी तरह जाम कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, हिसरी गांव निवासी विकास महतो की पत्नी माधुरी कुमारी को शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि आए दिन पैसों और सामान की मांग को लेकर माधुरी के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था।
ससुराल वालों की रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर माधुरी ने अंततः जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ जिंदगी और मौत से जूझते हुए शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया।
सड़क पर उतरे परिजन, NH-75 पर आवागमन ठप
माधुरी की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। शनिवार सुबह भारी संख्या में लोग कांठीटांड़ चौक पर एकत्र हुए और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
लंबा ट्रैफिक जाम: एनएच-75 पर प्रदर्शन के कारण वाहनों की किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। रांची-लोहरदगा और गुमला मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे आम यात्रियों और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
परिजनों की मांग: परिजनों का कहना है कि सिर्फ पति की गिरफ्तारी काफी नहीं है। इस साजिश और प्रताड़ना में शामिल ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों को भी तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
मामले की गंभीरता को देखते हुए रातू थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी (पति विकास महतो) को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है।
प्रशासनिक पहल: सड़क जाम और बिगड़ती कानून-व्यवस्था की सूचना मिलते ही पुलिस की एक उच्चस्तरीय टीम कांठीटांड़ चौक पहुँची। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराकर जाम हटाया।पुलिस का आश्वासन है कि निष्पक्ष जांच कर मामले में संलिप्त अन्य सभी दोषियों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

