अप्राकृतिक यौनाचार, ‘परी’ का झांसा और कत्ल…रमेश ठाकुर हत्याकांड का राँची पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा…तीन गिरफ्तार

राँची।राँची के सदर थाना क्षेत्र स्थित सिमोन नगर, खोरहा टोली में हुए चर्चित रमेश ठाकुर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार, खून से सना पिलाश, देसी पिस्टल, कारतूस, लूटा गया आभूषण, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक रमेश ठाकुर खुद को ओझा-गुनी और तांत्रिक बताकर युवकों को अपने जाल में फंसाता था। वह उन्हें कथित तांत्रिक अनुष्ठानों और “परी से मुलाकात” तथा “धनवर्षा” का लालच देता था। जांच में यह भी सामने आया कि वह कथित तांत्रिक प्रक्रिया के नाम पर युवकों के साथ अप्राकृतिक यौनाचार करता था।इसी दौरान रमेश ठाकुर की दोस्ती अमित चौधरी से हुई। बाद में अमित ने अपने दो साथियों सचिन कुमार गुप्ता और निरंजन स्वासी उर्फ नीरज को भी उससे मिलवाया। तीनों आरोपी लंबे समय तक रमेश की बातों में आकर कथित तांत्रिक प्रक्रिया में शामिल रहे, लेकिन जब न तो “परी” आई और न ही धनवर्षा हुई, तो उनके मन में गुस्सा पनपने लगा।
पुलिस के मुताबिक, 22 जुलाई की रात तीनों आरोपियों ने पहले ही फैसला कर लिया था कि अगर इस बार भी कथित चमत्कार नहीं हुआ, तो रमेश की हत्या कर देंगे। योजना के तहत वे बाइक से उसके घर पहुंचे। वहां कथित तांत्रिक अनुष्ठान और अप्राकृतिक यौनाचार के बाद भी जब कुछ नहीं हुआ, तो आरोपियों ने पहले देसी पिस्टल से गोली चलाने की कोशिश की। गोली निशाने पर नहीं लगी, जिसके बाद पास में रखे पिलाश से रमेश के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी उसके शरीर पर मौजूद आभूषण लेकर फरार हो गए।
मृतक के पुत्र आकाश ठाकुर की शिकायत पर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर 24 घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस का कहना है कि मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच जारी है तथा सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
अमित चौधरी (डोरंडा, राँची)
निरंजन स्वासी उर्फ नीरज (अड़की/वर्तमान लालपुर)
सचिन कुमार गुप्ता (खूंटी/स्थायी पता लोअर बाजार,राँची)
पुलिस ने बरामद किए
एक देसी पिस्टल
एक जिंदा कारतूस और एक खोखा
हत्या में प्रयुक्त खून लगा पिलाश
लूटे गए रोल्ड गोल्ड के आभूषण
खून से सने कपड़े
घटना में प्रयुक्त बाइक (JH01CD-9858)
तीन स्मार्टफोन

