JPSC मुख्य परीक्षा 2025 स्थगित: 25 से 27 जुलाई तक होने वाली परीक्षा टली; सरकार के निर्देश के बाद आयोग का बड़ा फैसला

 

राँची।झारखण्ड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखण्ड संयुक्त सिविल सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। आयोग ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी। यह परीक्षा 25, 26 और 27 जुलाई 2026 को राँची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होनी थी।

आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विज्ञापन संख्या-01/2026 के तहत आयोजित होने वाली मुख्य परीक्षा को सरकार से प्राप्त निर्देश और परीक्षा संचालन में उत्पन्न गड़बड़ियों के कारण फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। आयोग ने इसे “अपरिहार्य परिस्थितियां” बताते हुए कहा है कि फिलहाल परीक्षा अगली सूचना तक आयोजित नहीं की जाएगी।

अभ्यर्थियों को करना होगा इंतजार

JPSC ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा की नई तिथि और संशोधित परीक्षा कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने और केवल आयोग की आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की है।

वेबसाइट पर जारी की गई आधिकारिक सूचना

आयोग ने परीक्षा स्थगन से संबंधित प्रेस विज्ञप्ति अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी हर नई जानकारी के लिए नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।

विवादों के बीच लिया गया फैसला

JPSC की विभिन्न परीक्षाओं को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार सवाल उठ रहे थे। बुधवार को भी राँची में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन कर परीक्षा प्रक्रिया और पारदर्शिता को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। इसी बीच आयोग द्वारा मुख्य परीक्षा स्थगित करने का फैसला सामने आया है।

हालांकि, आयोग ने अपने आधिकारिक आदेश में परीक्षा स्थगित करने का कारण केवल सरकार से प्राप्त निर्देश और परीक्षा संचालन में हुई गड़बड़ियों को बताया है। फिलहाल हजारों अभ्यर्थियों की नजर अब आयोग की अगली अधिसूचना पर टिकी है, जिसमें नई परीक्षा तिथि की घोषणा की जाएगी।

 

झारखण्ड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने अगले आदेश तक 9 प्रमुख परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। आयोग ने कहा है कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।

स्थगित की गई प्रमुख परीक्षाएं:

झारखण्ड संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2025
25–27 जुलाई 2026
पद-103
सिविल सेवा मुख्य परीक्षा (बैकलॉग-2023)
1–3 अगस्त 2026
पद-7
सिविल सेवा मुख्य परीक्षा (बैकलॉग-2025)
8–10 अगस्त 2026
पद-45
सिविल जज (जूनियर डिविजन) लिखित परीक्षा
6–7 सितंबर 2026
पद-138
एपीपी बैकलॉग लिखित परीक्षा
8–12 सितंबर 2026
पद-26
इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्री लिखित परीक्षा
11–12 सितंबर 2026
पद-14
प्रोजेक्ट मैनेजर लिखित परीक्षा
19–20 सितंबर 2026
पद-30
एपीपी रेगुलर लिखित परीक्षा
25–29 सितंबर 2026
पद-134
बॉयलर इंस्पेक्टर लिखित परीक्षा
26–27 सितंबर 2026
पद-5

अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण बातें:
फिलहाल इन परीक्षाओं की नई तिथियां घोषित नहीं की गई हैं।
आयोग ने अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

यदि आपकी परीक्षा इनमें शामिल है, तो एडमिट कार्ड, संशोधित परीक्षा तिथि और अन्य अपडेट के लिए नियमित रूप से JPSC की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।

 

error: Content is protected !!