लातेहार में रफ्तार का कहर: बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार जीजा-साले को कुचला, दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

​लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में रफ्तार के जानलेवा कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। राँची-मेदिनीनगर एनएच-39 पर शिव टोली के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में जीजा और साले की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बेकाबू ट्रक बाइक को रौंदते हुए दोनों सवारों के ऊपर ही पलट गया, जिससे दोनों उसके भारी मलबे के नीचे दब गए। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरातफरी और चीख-पुकार मची रही।

​मिली जानकारी के अनुसार, राँची जिले के खलारी थाना क्षेत्र स्थित महावीर नगर (बुकबुका) निवासी नरेश भुइयां के 34 वर्षीय पुत्र टिंकू भुइयां अपने 14 वर्षीय साले मिथुन भुइयां (निवासी सलगी, चापी गांव, कुडू) के साथ बाइक से लातेहार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डाल्टनगंज से राँची की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार 407 ट्रक (संख्या JH13E-0394) ने चंदवा की ओर से आकर उनकी मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा होते ही घटना स्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि आरोपी ट्रक चालक मौका पाकर वाहन छोड़कर वहां से फरार हो गया।

​हादसे की भयावहता को देखते हुए चंदवा थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई। थाना प्रभारी अशोक कुमार के निर्देश पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हाइड्रा मशीन मंगवाई और काफी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे दबे दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस दोनों को तुरंत चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर लातेहार सदर अस्पताल भेजा। शाम को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शवों को रोते-बिलखते परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

error: Content is protected !!