धनबाद:पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना, अवैध हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार

धनबाद।अपराध पर नकेल कसने के अभियान में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक हथियारबंद युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक अवैध लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी अपने साथी के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसकी योजना पर पानी फेर दिया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने बताया कि 15 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी कि हीरक रोड स्थित आठ लेन सड़क के पास भुचुंगटांड़ इलाके के एक बंद मकान के समीप दो संदिग्ध युवक संदिग्ध गतिविधियों में जुटे हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी की गई।

पुलिस टीम के पहुंचते ही दोनों युवक मौके से भागने लगे। पीछा करने के दौरान एक युवक गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। उसकी पहचान मोनू कुमार यादव के रूप में हुई। वहीं दूसरा आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

तलाशी के दौरान मोनू कुमार यादव की कमर से एक अवैध लोडेड पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल की मैगजीन में KF 7.65 बोर के तीन जिंदा कारतूस मिले। बरामद हथियार पर “MADE IN USA” अंकित है। आरोपी हथियार रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने फरार साथी की पहचान ईस्ट बसुरिया निवासी चिरकुट संजय के रूप में की है। डीएसपी के अनुसार, मोनू कुमार यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह वर्ष 2025 में आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है।

इस मामले में भूली ओपी थाना में कांड संख्या 113/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

डीएसपी प्रकाश सोय ने कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।

error: Content is protected !!