लातेहार: उग्रवादी संगठन TSPC के नाम से घर पर चिपकाया पोस्टर…. युवती पर लगाया मुखबिरी का आरोप, घर फूंकने और फौजी कार्रवाई की दी धमकी

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास किया है।मनिका थाना क्षेत्र के माइल गांव (सेमरहट टोला) में एक युवती पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उसके घर पर धमकी भरा पोस्टर चिपकाया गया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस बार उग्रवादियों के निशाने पर एक युवती और उसका परिवार है, जिन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की सीधी चेतावनी दी गई है।
यह पूरी घटना सेमरहट टोला के रहने वाले कमलेश प्रसाद के घर पर हुई है। उग्रवादियों ने उनके घर की दीवार पर जो पोस्टर चिपकाया है, उसमें कमलेश प्रसाद की बेटी पर पुलिस को संगठन की गतिविधियों की जानकारी देने (मुखबिरी करने) का गंभीर आरोप लगाया गया है।पोस्टर में खुद को टीएसपीसी का सब-जोनल कमांडर नवीन जी बताते हुए ‘लोहरदगा-लातेहार-महुआडांड़-गारू, गुमला-पलामू सीमांत जोनल कमेटी’ की ओर से यह चेतावनी जारी की गई है।पोस्टर में युवती और उसके परिवार को बेहद खौफनाक धमकियां दी गई हैं। परिवार को सख्त लहजे में हिदायत दी गई है कि वे लड़की को तुरंत अपने घर से निकाल दें, अन्यथा उसके खिलाफ ‘फौजी कार्रवाई’ की जाएगी। इसके अलावा पोस्टर में यह भी साफ लिखा है कि यदि युवती को घर से नहीं हटाया गया, तो पूरे घर में आग लगा दी जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी खुद परिवार की होगी। इस गंभीर धमकी के बाद से पीड़ित परिवार बेहद डरा हुआ है और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है। बताया जाता है कि कमलेश की पत्नी लातेहार जिला सांख्यिकी विभाग में डेली बेसिस पर कार्यरत हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस की टीम तुरंत मामले की जांच में जुट गई है।मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि मामले के हर पहलू की बेहद बारीकी से जांच की जा रही है।पुलिस फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह पोस्टर किसने और किन परिस्थितियों में चिपकाया है। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुलिस केवल उग्रवादी एंगल से ही नहीं, बल्कि आपसी या पारिवारिक विवाद के पहलू पर भी जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी कि इस हरकत के पीछे असली वजह क्या है।वहीं पोस्टर जब्त कर लिया गया है।

