रामगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन भरोसा’: 125 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, खोए हुए मोबाइल पाकर खिले वास्तविक मालिकों के चेहरे

रामगढ़।आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस ने एक बेहद सराहनीय और खास पहल की है। पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर जिले में एक महीने का विशेष अभियान “ऑपरेशन भरोसा” चलाया गया, जिसके तहत विभिन्न क्षेत्रों से गायब हुए कुल 125 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए हैं।

6 महीने की शिकायतों पर पुलिस का कड़ा एक्शन
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना और ओपी प्रभारियों को पिछले 6 महीनों में दर्ज कराए गए सनहा और CEIR पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इस आदेश के बाद पुलिस ने पूरी मुस्तैदी से एक महीने का विशेष अभियान चलाया।
दूसरे जिलों से भी खोज निकाले मोबाइल
रामगढ़ पुलिस की टीम ने न केवल रामगढ़ जिले से, बल्कि जिले के बाहर राँची,हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा और अन्य कई जिलों से भी मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए। रामगढ़ के न्यू टाउन हॉल में एक जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर इन सभी 125 बरामद मोबाइलों को उनके असली मालिकों को सुपुर्द किया गया। अपने खोए हुए फोन को वापस पाकर लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने रामगढ़ पुलिस के इस कदम की जमकर प्रशंसा की।
जानिए किस थाने से कितने मोबाइल हुए बरामद:
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रामगढ़ थाना से सबसे अधिक 30 मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा गोला थाना से 20, पतरातू थाना से 14, मांडू और कुज्जू ओपी से 10-10, रजरप्पा थाना और भुरकुंडा ओपी से 09-09 मोबाइल बरामद हुए। वहीं भदानीनगर ओपी से 07, वे०बो० ओपी से 06, बरलंगा थाना से 05, बासल थाना से 03 और बरकाकाना ओपी से 02 मोबाइल रिकवर किए गए।
साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
इस कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित आम लोगों को सड़क सुरक्षा, नशामुक्त समाज, साइबर सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को सिखाया कि मोबाइल खो जाने पर CEIR PORTAL का उपयोग कैसे करें और ऑनलाइन शिकायत कैसे दर्ज कराएं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे खुद भी जागरूक बनें और अपने परिवार व दोस्तों को भी इसके प्रति सचेत करें।
”सेवा ही लक्ष्य” के साथ जारी रहेगा अभियान
रामगढ़ पुलिस कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा और सुरक्षा है। पुलिस ने प्रतिबद्धता दोहराई है कि आम लोगों के विश्वास को मजबूत करने और उनकी खोई हुई संपत्ति को वापस दिलाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान निरंतर चलाए जाते रहेंगे।

