हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बरही में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद, ट्रक और क्रेटा गाड़ी के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले से एक बड़ी सफलता की खबर सामने आई है। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को मिली गुप्त सूचना और बिहार पुलिस की सीआईडी टीम के इनपुट पर बरही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना के पास सोमवार देर रात घेराबंदी कर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब से लदे एक ट्रक और एक बिना नंबर की क्रेटा कार को जब्त किया है। इस मामले में मौके से तीन शराब तस्करों को भी दबोचा गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लोड कर उसे बिहार भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही, राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम में बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।
जब पुलिस टीम रसोईयाधमना के पास पहुँची, तो पुलिस की गाड़ी को देखकर ट्रक से उतरकर एक व्यक्ति झाड़ी की तरफ भाग गया। इसी दौरान बिना नंबर की क्रेटा गाड़ी में सवार दो अन्य लोग और ट्रक चालक भी वाहन छोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस बल ने पीछा कर रसोईयाधमना टोल टैक्स के आगे रास्ता ब्लॉक कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे ट्रक में लदी शराब को बिहार बॉर्डर पार कराने के लिए रसोईयाधमना में लोकल तस्करों से बातचीत कर रहे थे। पुलिस की अचानक एंट्री से घबराकर वे भागने की कोशिश कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ट्रक चालक राकेश कुमार (27 वर्ष, गया रोड बरही), क्रेटा चालक खिरोधर साव उर्फ गुलाब साव (32 वर्ष, छोटकी बरही) और सन्नी कुमार (28 वर्ष, पटना रोड बरही) के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों द्वारा सुबह तक शराब से संबंधित वैध कागजात पेश नहीं किए जाने के बाद पुलिस ने शराब और वाहनों को जब्त करते हुए तीनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया है। इस सफल अभियान में हजारीबाग पुलिस के साथ-साथ बिहार पुलिस की नारकोटिक्स टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लाखों रुपये मूल्य की 1190 पेटी शराब जब्त
पुलिस ने जब जब्त किए गए ट्रक (संख्या- HP72D-7889) की तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में नामी ब्रांड ‘मैकडॉवेल्स नंबर 1’की अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कुल 1190 पेटी अवैध शराब जब्त की है, जिसमें:
750 ML की 299 पेटियां (कुल 3588 बोतलें)
350 ML की 592 पेटियां (कुल 14208 बोतलें)
180 ML की 299 पेटियां (कुल 14352 बोतलें) शामिल हैं।
कुल मिलाकर पुलिस ने 32,148 बोतलें (लगभग 10,602.36 लीटर) अवैध शराब बरामद की है।
बरामद सामानों की सूची:
ट्रक संख्या: HP72D-7889 (अवैध शराब से लदा)
कार: बिना नंबर की क्रेटा वाहन (इंजन व चेचिस नंबर सहित)
शराब: कुल 1190 पेटी मैकडॉवेल्स नंबर 1 विदेशी शराब

