प्रेमिका का एक थप्पड़… और थाने में बेहोश हो गया प्रेमी, पुलिस के भी उड़ गए होश

दुमका। प्रेम प्रसंग के एक विवाद ने सोमवार को दुमका नगर थाना परिसर को हाईवोल्टेज ड्रामे का गवाह बना दिया। प्रेमी-प्रेमिका के बीच चल रही बातचीत के दौरान अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ कि थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। नाराज प्रेमिका ने पुलिस के सामने ही प्रेमी की कनपट्टी पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा, कुछ देर तक छटपटाता रहा और फिर बेहोश हो गया। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए युवक को अपनी गाड़ी से फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीजेएमसीएच) पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तलवा गांव निवासी अशोक मुर्मू दुमका के एसपी कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हॉस्टल में रहता था। इसी दौरान उसकी पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। बताया जाता है कि दोनों लंबे समय तक रिश्ते में रहे।
कुछ समय बाद युवती ने शादी की बात उठाई, लेकिन अशोक ने खुद को बेरोजगार बताते हुए शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने युवती से दूरी बना ली और काम की तलाश में तमिलनाडु चला गया।

प्रेमी के व्यवहार से आहत युवती ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझौते के लिए थाना बुलाया। युवक तमिलनाडु से अपनी मां और मौसी के साथ दुमका पहुंचा, जबकि युवती भी अपने परिजनों के साथ थाना आई।

थाना परिसर में पुलिस दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान युवती को लगा कि युवक उसे लगातार नजरअंदाज कर रहा है और उसके प्रति गंभीर नहीं है। इसी बात से नाराज होकर वह अचानक उठी और युवक की कनपट्टी पर जोरदार थप्पड़ मार दिया।

थप्पड़ लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और कुछ देर छटपटाने के बाद बेहोश हो गया। यह दृश्य देखकर पुलिसकर्मियों के भी हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में उसे पीजेएमसीएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि दोनों पक्षों को समझौते के उद्देश्य से बुलाया गया था। बातचीत के दौरान अचानक युवती ने युवक को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसका इलाज शुरू कराया। फिलहाल युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है।

error: Content is protected !!