शराब पार्टी के दौरान बवाल, युवक के सीने में मारी गोली; हालत गंभीर, रिम्स रेफर

गढ़वा।शहर के बीएनटी स्कूल के समीप स्थित एक ईंट भट्ठा सोमवार की रात गोलियों की आवाज से दहल उठा। रात करीब साढ़े दस बजे हुई फायरिंग में टंडवा निवासी 35 वर्षीय मुन्ना प्रसाद सोनी गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके बाएं पसली के नीचे छाती में लगी, जिसके बाद उसे आनन-फानन में गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स,राँची रेफर कर दिया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक गोली शरीर के अंदर ही फंसी हुई है। आवश्यक संसाधनों के अभाव में सदर अस्पताल में गोली नहीं निकाली जा सकी, इसलिए उसे तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया।घायल मुन्ना प्रसाद सोनी ने अस्पताल में ही पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। उसने घटना में शामिल लोगों के नाम और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी है। हालांकि गढ़वा थाना पुलिस फिलहाल मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से बच रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।वहीं, स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि ईंट भट्ठे पर कुछ लोग शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और एक युवक को गोली मार दी गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

