राँची:दिनदहाड़े ज्वेलर्स को बनाया निशाना, दुकान खुलने से पहले डिक्की तोड़ लाखों के गहने लेकर फरार हुए बदमाश

 

राँची।राजधानी राँची के नगड़ी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दिनदहाड़े अपराधियों ने बेहद शातिर अंदाज में एक ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना नारों बाजार टांड स्थित राधे कृष्णा ज्वेलर्स के सामने सुबह करीब 10 बजे की है।

जानकारी के अनुसार राधे कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक अमित कुमार सोनी रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। वे बाइक की डिक्की में एक थैले में दुकान के लिए सोने-चांदी के आभूषण लेकर आए थे। दुकान के बाहर बाइक खड़ी कर जैसे ही वे ताला खोलने लगे, उसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। कुछ ही सेकंड में बदमाशों ने बाइक की डिक्की तोड़ी, उसमें रखा गहनों से भरा थैला निकाला और पिस्का रेलवे फाटक की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए।

पीड़ित अमित कुमार सोनी का कहना है कि दोनों अपराधी पहले से ही आसपास घात लगाए हुए थे और उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। जैसे ही उन्हें मौका मिला, उन्होंने वारदात को अंजाम देकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली।

घटना के बाद अमित कुमार सोनी ने नगड़ी थाना में दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि चोरी हुए थैले में करीब चार किलोग्राम चांदी के आभूषण और लगभग 60 ग्राम सोने के जेवर रखे थे, जिनकी अनुमानित कीमत आठ से नौ लाख रुपये है।

सूचना मिलते ही नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अपराधियों की तलाश में पिस्का रेलवे फाटक से रिंग रोड तक छापेमारी की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में दो संदिग्ध युवक बाइक पर तेजी से भागते हुए दिखाई दिए हैं।

थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपियों के चेहरे स्पष्ट रूप से कैद हुए हैं। उनकी पहचान की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

error: Content is protected !!