राँची में शिव मंदिर में तोड़फोड़, शिवलिंग खंडित मिलने से भड़का आक्रोश; गांव में तनाव, जांच में जुटी है पुलिस..

राँची।राजधानी राँची के कांके थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक प्राचीन शिव मंदिर में स्थापित शिवलिंग खंडित अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।

रोजाना की तरह रविवार सुबह श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे। मंदिर के अंदर प्रवेश करते ही उन्होंने शिवलिंग को क्षतिग्रस्त देखा। पवित्र स्थल पर हुई तोड़फोड़ की सूचना कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी।ग्रामीणों का आरोप है कि यह घटना क्षेत्र की धार्मिक सौहार्द और शांति को बिगाड़ने की साजिश के तहत अंजाम दी गई है।ये कृत्य हिंदू धर्म के लोगों को चोंट पहुँचाने और भड़काने के लिए किया गया है।लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया।घटना के बाद आसपास के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।

इधर,घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

 

घटना के बाद गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। फिलहाल पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इलाके में  आक्रोश के साथ शांति का माहौल है।स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस के वरीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया है जो भी आरोपी है उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।कार्रवाई जारी है।

error: Content is protected !!