हजारीबाग में थाना दिवस का आयोजन, भूमि एवं पारिवारिक विवादों सहित कई मामलों का हुआ निष्पादन

हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान संबंधित अंचलाधिकारी की उपस्थिति में आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया गया।
थाना दिवस का आयोजन बरही, विष्णुगढ़, सदर, दारू, ईचाक, टाटी झरिया, बरकट्ठा, चालकुसा, चरही एवं अंगो थाना में किया गया। कार्यक्रम में संबंधित थाना प्रभारियों के साथ-साथ अंचलाधिकारी एवं राजस्व विभाग के कर्मी भी मौजूद रहे।
थाना दिवस के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। इनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, आपसी झगड़े, रास्ता विवाद, सीमांकन से जुड़े मामले तथा अन्य सामाजिक एवं राजस्व संबंधी शिकायतें शामिल थीं।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं और दोनों पक्षों की बात सुनकर कई मामलों का मौके पर ही आपसी सहमति से निष्पादन कराया। वहीं जिन मामलों में विस्तृत जांच या कानूनी प्रक्रिया की आवश्यकता थी, उनमें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि छोटे-छोटे विवादों को आपसी संवाद एवं समझदारी से सुलझाने का प्रयास करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं पारदर्शी समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि थाना दिवस के माध्यम से जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ भूमि एवं पारिवारिक विवादों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस पहल से लोगों को अपनी शिकायतें सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे कई मामलों का त्वरित समाधान संभव हो रहा है।

