खूंटी के अड़की में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार समेत तीन की मौत, एक गंभीर

खूंटी।जिले के अड़की थाना क्षेत्र के जेनाडीह स्थित फुटकल पेड़ के पास शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब साप्ताहिक डोरिया बाजार से लोग अपने-अपने घर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, डोरिया बाजार से साइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे पूर्ण मुंडा (47) को पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूर्ण मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

बाइक पर मांकीडीह गांव निवासी अमृत पातर (25), आयुष पातर (17) और सुनील पातर (25) सवार थे। दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए तमाड़ अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में अमृत पातर और आयुष पातर ने दम तोड़ दिया। वहीं सुनील पातर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज रिम्स में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अड़की थाना प्रभारी प्रवीण तिवारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची और पूर्ण मुंडा के शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई। वहीं अमृत पातर और आयुष पातर के शव तमाड़ अस्पताल में रखे गए हैं।थानेदार प्रवीण तिवारी ने बताया कि आज शनिवार सुबह दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा जा रहा है।पोस्टमार्टम के बाद तीनों के शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा।

इधर,हादसे के बाद डोरिया बाजार और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के दो युवकों समेत तीन लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!