लोहार की दुकान और घर से चलता था हथियारों का खेल, पुलिस ने खोला राज; तीन गिरफ्तार

 

रामगढ़।जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के दत्तो गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण के एक कथित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। लोहार की दुकान और घर की आड़ में संचालित इस गतिविधि पर मंगलवार रात छापेमारी कर पुलिस ने तीन अर्धनिर्मित पिस्टल, नौ मैगजीन, हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीन, लोहे के विभिन्न पार्ट्स और अन्य उपकरण बरामद किए।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दिनेश विश्वकर्मा, उसकी पत्नी नूतन देवी और बड़े भाई अनिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। तीनों से पूछताछ जारी है। बताया जाता है कि यह परिवार मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के लेसरीगंज का निवासी है और वर्षों से दत्तो में रहकर लोहार का काम करता रहा है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां तैयार किए गए अवैध हथियारों की आपूर्ति कोयला क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में की जाती थी। आशंका जताई जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल रंगदारी और अन्य आपराधिक घटनाओं में किया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस संभावित खरीदारों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं अवैध हथियार बनाने या उनकी खरीद-बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध हथियार कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

error: Content is protected !!