राँची के एचईसी में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, पीतल चोरी करते 5 युवक रंगेहाथ गिरफ्तार

 

राँची। राजधानी राँची के धुर्वा स्थित एचईसी परिसर में सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को चोरी करते रंगेहाथ पकड़ लिया। यह घटना 6-7 जुलाई की देर रात करीब 2 बजे एफएफपी प्लांट के शॉप संख्या-1 में हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ के सुरक्षाकर्मी नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें एफएफपी संयंत्र के शॉप संख्या-1 के पास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। सूचना मिलते ही संबंधित प्रबंधक मौके पर पहुंचे और अधिकारियों की अनुमति के बाद स्टोर को खुलवाया गया।

इसके बाद सीआईएसएफ जवानों ने स्टोर के अंदर, छत और आसपास के क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पांच युवकों को मौके से पकड़ लिया गया, जिनके पास से 11 बोरी पीतल के चिप्स (मिश्रित पीतल बुरादा) बरामद किए गए।पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल राज (20), गोविंद कुमार (18), अजय कुमार राय (21), हेमंतन बरला (30) और राहुल विश्वकर्मा (21) के रूप में हुई है। सभी आरोपी राँची और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।

सीआईएसएफ द्वारा घटना की सूचना धुर्वा थाना को दी गई, जिसके बाद सुबह करीब 7 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच की। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद जब्त सामग्री का निरीक्षण किया और पांचों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। बताया जा रहा है कि आरोपी एचईसी परिसर में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर सरकारी संपत्ति की चोरी कर रहे थे। इस संबंध में एफएफपी प्रबंधन की ओर से धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

error: Content is protected !!