फेसबुक की दोस्ती का खौफनाक अंत, प्रेम त्रिकोण में युवती की गला घोंटकर हत्या

राँची।करीब एक माह पहले चुटिया थाना क्षेत्र के केतारी बगान स्थित किराये के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली युवती रानी कुमारी उर्फ पूजा कुमारी की मौत के मामले का राँची पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग से उपजी ईर्ष्या और विवाद के कारण की गई सुनियोजित हत्या थी। मामले में मुख्य आरोपी राहुल कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी राहुल गुप्ता
मंगलवार को सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 31 मई 2026 को केतारी बगान, घाट रोड स्थित मणि साहू के मकान में किरायेदार रानी कुमारी उर्फ पूजा कुमारी का शव बेड पर पड़ा मिला था। प्रारंभिक तौर पर चुटिया थाना में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवती की मौत प्राकृतिक नहीं थी। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले और गला दबाकर दम घोंटने की पुष्टि हुई। इसके बाद यूडी केस को हत्या में परिवर्तित करते हुए चुटिया थाना कांड संख्या-101/26 दर्ज किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक अनुसंधान, मोबाइल डाटा और मानवीय सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी राहुल कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया।
फेसबुक पर हुई थी दोस्ती, फिर बने प्रेम संबंध
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2018 में उसकी पूजा कुमारी से फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए और कई बार शारीरिक संबंध भी बने। दोनों लगातार संपर्क में थे।
इसी दौरान पूजा की नजदीकियां अमन नाम के युवक से बढ़ने लगीं। आरोपी के अनुसार, घटना से दो दिन पहले वह केतारी बगान स्थित पूजा के किराये के मकान पर पहुंचा, जहां उसने उसे अमन के साथ देख लिया। इसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। कुछ देर बाद अमन वहां से चला गया, लेकिन राहुल और पूजा के बीच विवाद बढ़ता गया।
संबंध बनाने को लेकर हुआ विवाद, फिर घोंट दिया गला
आरोपी के अनुसार, अमन के जाने के बाद दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि राहुल ने गुस्से में पूजा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मृतका का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।
पति छोड़ चुका था साथ, नया प्रेमी दिलाया था किराये का मकान
जांच में यह भी सामने आया कि राहुल के साथ प्रेम संबंध होने के कारण पूजा का वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ था और उसके पति ने उसे छोड़ दिया था। इसके बाद अमन उसकी जिंदगी में आया और उसी ने केतारी बगान स्थित मणि साहू के मकान में किराये का कमरा दिलवाया था। इसी बीच पुराना प्रेमी राहुल वहां पहुंच गया और ईर्ष्या के कारण पूरा घटनाक्रम हत्या में बदल गया।
मोबाइल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार गुप्ता के कब्जे से एक स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
छापेमारी टीम की भूमिका
इस पूरे मामले के खुलासे में चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर, पुलिस अवर निरीक्षक भवेश कुमार, मुकेश कुमार कुशवाहा, जितेंद्र मिश्रा तथा चुटिया थाना के सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मामले का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया गया।

