दुमका में किन्नर बनाने के नाम पर जबरन ऑपरेशन कराने का आरोप, माही किन्नर ने बताया साजिश

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले में किन्नर बनाने के नाम पर कथित तौर पर जबरन लिंग परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है। तालझारी थाना क्षेत्र के चार लोगों ने बासुकिनाथ निवासी सुनील मिर्धा उर्फ माही किन्नर के खिलाफ लिखित शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, माही किन्नर ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे अपने खिलाफ रची गई साजिश करार दिया है।

धनपतडीह गांव की अनीता उर्फ अनमोल, अनन्या उर्फ गणेश तथा सहारा गांव के नेहा उर्फ सूरज और मुस्कान उर्फ मदन ने तालझारी थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि माही किन्नर ने पहले उनसे संपर्क बढ़ाया, फिर बहला-फुसलाकर और नशीला पदार्थ देकर दिल्ली ले जाया गया। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि वहां उनकी इच्छा के विरुद्ध ऑपरेशन कराया गया, जिससे उनके शरीर में स्थायी परिवर्तन हो गया।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि ऑपरेशन के बाद उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर बधाई मांगकर पैसे जुटाने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर मारपीट, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, जबरन गलत काम कराने, गर्म प्रेशर कुकर से शरीर दागने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि डर और दबाव के कारण वे अब तक पुलिस के पास नहीं पहुंच सके थे।

दूसरी ओर, सुनील मिर्धा उर्फ माही किन्नर ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि पुराने विवाद के चलते उन्हें झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ताओं में से दो लोगों को वह जानती तक नहीं हैं और उनके लिंग परिवर्तन से उनका कोई संबंध नहीं है।
माही किन्नर के अनुसार, नेहा उर्फ सूरज पहले से लिंग परिवर्तन करा चुकी थी और बाद में स्वयं उनके साथ रहने आई थी। वहीं मुस्कान उर्फ मदन के बारे में उन्होंने कहा कि वह किन्नर समुदाय से जुड़कर कमाई करना चाहता था।

माही किन्नर ने पूरे विवाद के पीछे राजकुमार मंडल उर्फ रोजी मौसी महामंडलेश्वर और बिहार के छपरा निवासी अजीत सिंह का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2024 से चले आ रहे विवाद के कारण उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
इधर, तालझारी थाना प्रभारी संगम पाठक ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस मामले की विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। आवेदन की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

error: Content is protected !!