प्रेम,साजिश और सुतरी बम: 6 घंटे में पुलिस ने सुलझाया बमकांड, प्रेमी-प्रेमिका समेत 3 गिरफ्तार,दो नाबालिग भी पकड़ाया..

राँची।राँची जिले के माण्डर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह हुई सुतरी बमबाजी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पहली नजर में यह किसी गैंगवार या आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई लग रही थी, लेकिन पुलिस की तेज़ कार्रवाई और गहन अनुसंधान ने इस पूरे मामले के पीछे छिपी एक प्रेम कहानी, विश्वासघात और हत्या की साजिश का ऐसा खुलासा किया, जो किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है।
सुबह-सुबह धमाके से दहला गांव
30 जून की अहले सुबह ग्रामीणों की नींद एक जोरदार धमाके से खुली। डायल-112 पर सूचना मिली कि माण्डर थाना क्षेत्र के ग्राम बोण्डो, महुआजाड़ी निवासी कुलदीप खलखो के घर पर अज्ञात अपराधियों ने सुतरी बम फेंक दिया है। धमाके से घर की एस्बेस्टस (अल्वेस्टर) की छत क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि घर के बाहर और छत पर तीन जिंदा सुतरी बम पड़े होने की सूचना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, बम निरोधक दस्ता भी सक्रिय
सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक खलारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। पुलिस, सशस्त्र बल और गश्ती दल तत्काल घटनास्थल पहुंचे।जांच के दौरान घर के दक्षिणी हिस्से में फटे हुए देशी सुतरी बम के अवशेष मिले, जबकि तीन जिंदा बम बरामद हुए। बम निरोधक दस्ता (BDS) को बुलाकर सभी बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया। इसके बाद पुलिस ने कुलदीप खलखो और उनके परिजनों से विस्तृत पूछताछ शुरू की।
महज 6 घंटे में पहला आरोपी गिरफ्त में
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच शुरू की। नतीजा यह हुआ कि महज छह घंटे के भीतर मुख्य आरोपी समीर केरकेट्टा को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में समीर ने पूरे षड्यंत्र का खुलासा कर दिया। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने ईटकी, बेड़ो और आसपास के इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर सरिता कुजूर और तबरेज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही इस वारदात में शामिल दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया।
प्रेम कहानी बनी खूनी साजिश
पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि करीब एक वर्ष पहले कुलदीप खलखो और सरिता कुजूर के बीच प्रेम संबंध था। समय के साथ सरिता का झुकाव समीर केरकेट्टा की ओर हो गया और वह उसके साथ रहने लगी।इसी वजह से कुलदीप और समीर के बीच लगातार विवाद बढ़ता गया। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया।
आरोप है कि समीर, सरिता, तबरेज और अन्य साथियों ने मिलकर कुलदीप की हत्या की योजना बनाई। इसके लिए पहले कुलदीप के घर की रेकी की गई। इसके बाद जंगल में जाकर समीर को सुतरी बम फेंकने का अभ्यास भी कराया गया, ताकि वारदात को अंजाम देने में कोई चूक न हो।
हत्या की नीयत से फेंके गए चार बम
पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात आरोपियों ने कुलदीप के सोने वाले कमरे की छत पर चार देशी सुतरी बम फेंके। हालांकि किस्मत से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। एक बम फटने से छत क्षतिग्रस्त हुई, जबकि तीन बम नहीं फटे, जिन्हें बाद में पुलिस ने सुरक्षित निष्क्रिय कर दिया।यदि सभी बम विस्फोट कर जाते, तो घटना कहीं अधिक भयावह हो सकती थी।
वारदात में इस्तेमाल सामान भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। इन बरामद सामानों के आधार पर पुलिस पूरे षड्यंत्र और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
समीर केरकेट्टा (25 वर्ष), ग्राम नारी, थाना ईटकी।
सरिता कुजूर (26 वर्ष), ग्राम कुरकुरा, थाना नरकोपी।
तबरेज अंसारी (22 वर्ष), ग्राम वर्सा, थाना नगड़ी।
दो विधि-विरुद्ध किशोर।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना
इस पूरे मामले में राँची पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर न केवल एक गंभीर अपराध का खुलासा किया, बल्कि संभावित बड़ी वारदात की कड़ी को भी सामने ला दिया।

