ईचाक थाना का एसपी ने किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

हजारीबाग। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को ईचाक थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना की विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न प्रशासनिक एवं अनुसंधान संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ज्ञान रंजन, दारू अंचल के पुलिस निरीक्षक विमल कुमार लकड़ा, ईचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना के सभी पंजियों का अवलोकन किया तथा लंबित कांडों, वारंट, कुर्की, चरित्र सत्यापन और पासपोर्ट सत्यापन मामलों की समीक्षा कर इनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने थाना क्षेत्र के सभी फरार अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इसके अलावा अवैध मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में लंबित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, नशा विरोधी जनजागरूकता अभियान चलाने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए सभी पुलिस पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करें।

