पटना सिटी में भीषण अग्निकांड: डालडा वनस्पति के गोदाम में लगी भीषण आग, 21 से अधिक दमकल यूनिट ने 5 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू…

पटना।राजधानी पटना के पटना सिटी स्थित दीदारगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक बड़ा अग्निकांड हो गया। महुली रोड स्थित डालडा वनस्पति के गोदाम में रात करीब 1 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का विशाल गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत दीदारगंज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि उसे नियंत्रित करने के लिए एक-दो नहीं बल्कि 21 से अधिक छोटी-बड़ी दमकल गाड़ियों के साथ हाइड्रोलिक फायर टेंडर को भी लगाया गया।

दमकल कर्मियों ने करीब पांच घंटे तक लगातार अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। इस दौरान फायर ब्रिगेड के जवानों ने भारी जोखिम उठाते हुए आग को आसपास के गोदामों और रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोक दिया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो यह हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था।

फायर विभाग के अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। गोदाम में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के सामान के जलकर नष्ट होने की आशंका है।

घटना के दौरान पूरे इलाके में दहशत का माहौल रहा। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। लोगों का कहना है कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें आसपास के घरों तक आग फैलने का डर सताने लगा था। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई।

मौके पर दीदारगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ पूरी रात मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे। पुलिस ने एहतियात के तौर पर गोदाम के आसपास के क्षेत्र को घेर लिया, ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

फायर विभाग ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन गोदाम के भीतर धधक रहे हिस्सों को पूरी तरह ठंडा करने का काम जारी है। वहीं, पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

error: Content is protected !!